पंजाब में इस वर्ष 185 लाख टन धान की सरकारी खरीद का लक्ष्य नियत

27-Sep-2024 06:36 PM

लुधियाना । केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने 2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान पंजाब में 185 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जिस पर 41339.81 करोड़ रुपए का खर्च बैठने का अनुमान है।

इसके लिए पंजाब को नकद ऋण सीमा (सीसीएल) की मंजूरी प्रदान की जा चुकी है ताकि किसानों को सही समय पर धान की कीमत का भुगतान किया जा सके। उल्लेखनीय है कि पंजाब केन्द्रीय पूल में धान का सर्वाधिक योगदान देने वाला राज्य है।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ एक मिटिंग करके सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया

और केन्द्रीय खाद्य मंत्री से भी बातचीत करके राज्य के गोदामों से खाद्यान्न को बाहर भेजने की गति तेज करने का आग्रह किया। खाद्य मंत्री ने आश्वासन दिया है कि भंडारण समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। 

पंजाब में धान का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 31.80 लाख हेक्टेयर से 40 हजार हेक्टेयर बढ़कर इस बार 32.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जबकि मौसम एवं मानसून की हालत भी संतोषजनक रही।

इसके फलस्वरूप वहां धान का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है। लेकिन गोदामों / वेयर हाउसों में जगह की कमी है जिससे मंडियों में खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण की गंभीर चुनौती बनी हुई है।

इस धान के स्टॉक को चावल मिलों के परिसर में रखने का प्लान बनाया गया है लेकिन मिलर्स इसका विरोध कर रहे हैं। 

पंजाब में 1 अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हो रहा है जिसके लिए सभी प्रमख मंडियों में आवश्यक तैयारी पूरी की जा रही है।

शुरूआती दौर में खरीद की गति कुछ धीमी रहने की संभावना है लेकिन धान में नमी का अंश ऊंचा रह सकता है।