पाकिस्तान करेगा बांग्ला देश को एक लाख टन चावल का निर्यात

25-Nov-2025 04:10 PM

कराची। पाकिस्तान अभी बांग्ला देश को लम्बे दाने वाले एक लाख टन चावल के निर्यात की तैयारी कर रहा है जिससे दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक सहयोग का संकेत मिलता है इस चावल का शिपमेंट निश्चित समय सीमा के अंदर होगा और इसकी क्वालिटी पर सख्त नजर रखी जाएगी।

इस कदम से पाकिस्तानी कृषि उत्पादों के निर्यात पर सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है और बांग्ला देश के साथ आर्थिक करार को मजबूत बनाने में भी सहायता मिलेगी। 

बांग्ला देश को घरेलू प्रभाग में चावल की बेहतर आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए अक्सर इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न के आयात की जरूरत पड़ती है।

यह परम्परागत रूप से भारतीय चावल को पसंद करता रहा है मगर अब पाकिस्तान से भी इसका आयात बढ़ाना चाहता है। लेकिन विशाल मात्रा में पाकिस्तान से चावल का आयात करने के लिए परिवहन की समुचित व्यवस्था एवं सतर्कता / पूर्ण योजना की आवश्यकता पड़ेगी। 

पाकिस्तानी चावल निर्यातकों के लिए यह अच्छी शुरुआत मानी जा रही है क्योंकि भारत से सस्ते चावल के बजाए बांग्ला देश अगर पाकिस्तान से महंगा अनाज मंगाता है तो वहां राजकोष पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा और महंगाई पर अंकुश लगाना अभी मुश्किल होगा।

समीक्षकों का कहना है कि पाकिस्तान के पास चावल का अच्छा खासा निर्यात योग्य स्टॉक मौजूद रहता है जिससे वह बांग्ला देश को अच्छी मात्रा में इसका शिपमेंट कर सकता है लेकिन भारत की सख्त चुनौती एवं कठिन प्रतिस्पर्धा का मुकाबला करने के लिए उसे चावल की क्वालिटी और कीमत के मोर्चे पर विशेष तैयारी करनी पड़ेगी।

यदि पाकिस्तान ने सही समय पर बांग्ला देश को इस एक लाख टन चावल का निर्यात कर दिया तो इसका सकारात्मक असर पड़ सकता है।