प्रधानमंत्री द्वारा जी 20 सम्मेलन में ऑर्गेनिक खेती एवं मिलेट्स के उत्पादन पर जोर

19-Nov-2024 03:07 PM

रियो डी जेनेरो । लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील के सबसे प्रमुख व्यावसायिक नगर- रियो डी जेनेरो में आयोजित जी-20 सम्मेलन में भाग होने पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री ने वैश्विक खाद्य सुरक्षा एवं गरीबी उन्मूलन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता एवं संकल्प को दो हराते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से संसाधनों का इस्तेमाल किया जाए। भारत इस दिशा में प्राप्त अपनी सफलता को कायम रखने पर जोर दे रहा है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत खाद्य सुरक्षा को संवर्धित करने तथा गरीबी हटाने के अपने संकल्प पर कायम है। उन्होंने आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने, मिलेट्स (श्री अन्न) का अधिक से अधिक उत्पादन करने तथा जलवायु के अनुकूल फसलों की खेती पर विशेष जोर देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत अपने आधार की ओर लौट रहा है जबकि दूसरी ओर भविष्य के लिए भी आगे बढ़ रहा है ताकि कृषि उत्पादन की निरंतरता बरकरार रहे। 

सम्मेलन से अलग भारतीय प्रधानमंत्री ने अनेक कूटनीतिक गतिविधियों में भाग लिया और दुनिया भर के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान विचार-विमर्श किया इसमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, फ्रांस के राष्ट्रपति तथा संयुक्त राष्ट्र के महासचिव आदि शामिल हैं।

इन नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर व्यापक बातचीत हुई जिसमें टेक्नोलॉजी, हरित ऊर्जा, सुरक्षा, नवसृजन, अंतरिक्ष विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा पारस्परिक सहयोग के अन्य मुद्दे शामिल हैं।  

जी-20 सम्मेलन में भूख एवं गरीबी के खिलाफ संघर्ष विषय पर भी एक सत्र आयोजित हुआ जिसमें बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अत्यन्त महत्वपूर्ण विषय है और इस क्षेत्र में प्राप्त होने वाली सफलता वैश्विक स्थायी प्रगति की दिशा में भारी योगदान देने वाली होगी। भारत में इस दिशा में अनेक आवश्यक कदम उठाए गए हैं जिससे आम लोगों को भारी राहत प्राप्त हो रही है।