रबी फसलों का रकबा 10% बढ़ा, गेहूं में 17% की तेज बढ़ोतरी

18-Nov-2025 10:15 AM

देश में रबी सीजन की शुरुआती बुवाई तेज़ रही है, जिससे कुल रकबा पिछले वर्ष की तुलना में 10.3% बढ़कर 208.19 लाख हेक्टेयर पहुँच गया है। उत्तर भारत में समय से पड़ी ठंड और अनुकूल मौसम के कारण किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद कर रहे हैं।

सबसे बड़ी बढ़त गेहूं में देखने को मिली है। कृषि मंत्रालय के अनुसार गेहूं का रकबा 17% बढ़कर 66.23 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि पिछले वर्ष यह 56.55 लाख हेक्टेयर था। सरकार ने इस सीजन के लिए 1190 लाख टन गेहूं सहित कुल 1711.4 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य तय किया है।

अन्य प्रमुख फसलों में भी वृद्धि:

रबी धान: 9.2% बढ़कर 7.44 लाख हेक्टेयर

मक्का: 17.4% बढ़कर 4.26 लाख हेक्टेयर

मोटे अनाज: 15% बढ़कर 15.53 लाख हेक्टेयर

चना: 10% बढ़कर 37.43 लाख हेक्टेयर

मसूर: 12.2% बढ़कर 6.83 लाख हेक्टेयर

तिलहन कुल: 5.2% बढ़कर 66.17 लाख हेक्टेयर (जिसमें सरसों 64.23 लाख हेक्टेयर)

कुल मिलाकर, शुरुआती बुवाई और मौसम के अनुकूल रुख से रबी फसलों का उत्पादन इस वर्ष बढ़ने की उम्मीद है।