रबी फसलों के उत्पादन क्षेत्र 614.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
30-Dec-2025 08:24 PM
नई दिल्ली। देश के अधिकांश भागों में रबी फसलों की बिजाई की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है जबकि अन्य क्षेत्रों में भी यह अंतिम चरण में पहुंच गई है। पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब 33 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की खेती हुई
जिससे इसका कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 614.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 607.43 लाख हेक्टेयर से 6.87 लाख हेक्टेयर ज्यादा तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 637.81 लाख हेक्टेयर का करीब 96 प्रतिशत है।
पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष में रबी फसलों का उत्पादन क्षेत्र 19 दिसम्बर वाले सप्ताह में 1.4 प्रतिशत आगे चल रहा था जो 26 दिसम्बर वाले सप्ताह में गिरकर 1.1 प्रतिशत रह गया।
गत वर्ष गेहूं सहित कुछ अन्य रबी फसलों का उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था और इस बार भी ऐसी ही उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष की तुलना में मौजूदा रबी सीजन के दौरान गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 322.49 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 322.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर से ज्यादा लेकिन गत सीजन के कुल रकबा 328.04 लाख हेक्टेयर से कुछ पीछे है।
इसी तरह समीक्षाधीन अवधि में दलहनों का उत्पादन क्षेत्र 129.79 लाख हेक्टेयर से 3 प्रतिशत बढ़कर 133.44 लाख हेक्टेयर, तिलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र 93.25 लाख हेक्टेयर से 1.1 प्रतिशत सुधरकर 94.29 लाख हेक्टेयर,
धान का क्षेत्रफल 13.01 लाख हेक्टेयर से 14.5 प्रतिशत उछलकर 14.90 लाख हेक्टेयर तथा मोटे अनाजों का बिजाई क्षेत्र 48.89 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 49 लाख हेक्टेयर हो गया।
मोटे अनाजों के संवर्ग में मक्का एवं जौ के रकबे में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन ज्वार का बिजाई क्षेत्र काफी पीछे चल रहा है।
दलहनों में चना एवं मसूर और तिलहन फसलों में सरसों की बिजाई में अच्छी वृद्धि हुई है। रबी फसलों की छिटपुट बिजाई अभी जारी है।
