रबी के बाद अब ग्रीष्म कालीन फसलों की बिजाई शुरू

19-Feb-2026 08:02 PM

नई दिल्ली। रबी कालीन फसलों की बिजाई समाप्त होने के बाद ग्रीष्मकालीन या जायद सीजन की फसलों की खेती आरंभ हो गई है और धान का रकबा कुछ घटने के बावजूद कुल मिलाकर इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से आगे चल रहा है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान जायद फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 14.80 लाख हेक्टेयर से 3 प्रतिशत या 40 हजार हेक्टेयर बढ़कर 15.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। दिलचस्प तथ्य यह है कि धान का रकबा इसी अवधि में 13.20 लाख हेक्टेयर से 40 हजार हेक्टेयर घटकर 12.80 लाख हेक्टेयर पर अटक गया लेकिन दलहन-तिलहन एवं मोटे अनाजों के बिजाई क्षेत्र में वृद्धि होने से कुल क्षेत्रफल बढ़ गया।  

जायद सीजन के दौरान देश के सीमित राज्यों में दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाजों के संवर्ग में चुनिंदा फसलों की खेती होती है। दलहनों के संवर्ग में मुख्यतः मूंग एवं उड़द, तिलहनों में मूंगफली एवं तिल तथा मोटे अनाजों में मक्का तथा बाजरा की बिजाई की जाती है। फरवरी-मार्च में इसकी बिजाई होती है और जून में मानसून या खरीफ सीजन की खेती से पहले इसकी कटाई-तैयारी शुरू हो जाती है।