राजस्थान में रबी फसलों का रकबा 94 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

25-Nov-2025 08:45 PM

जयपुर। देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में गेहूं, जौ, चना तथा सरसों की अच्छी बिजाई होने से रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 24 नवम्बर 2025 तक उछलकर 94.04 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 86.56 लाख हेक्टेयर से 7.52 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। राज्य में विभिन्न फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है। 

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान राजस्थान में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 18.53 लाख हेक्टेयर से उछलकर 25.42 लाख हेक्टेयर तथा जौ का बिजाई क्षेत्र 2.89 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 3.22 लाख हेक्टेयर हो गया।

इसी तरह चना का क्षेत्रफल भी 18.53 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 20.28 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर अन्य दलहनों का रकबा 36 हजार हेक्टेयर से गिरकर 24 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।

तिलहन फसलों में सरसों का उत्पादन क्षेत्र 31.64 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 32.80 लाख हेक्टेयर तथा तारामीरा का बिजाई क्षेत्र 75 हजार हेक्टेयर से उछलकर 1.15 लाख हेक्टेयर हो गया जबकि अलसी का क्षेत्रफल 10 हजार हेक्टेयर पर स्थिर रहा। 

ध्यान देने की बात है कि राजस्थान देश में सरसों एवं जौ का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जबकि चना तथा गेहूं के बीच शीर्ष उत्पादक राज्यों में शामिल है।

वह केन्द्रीय पूल में गेहूं का योगदान देने वाले पांच अग्रणी राज्यों की सूची में भी सम्मिलित हैं। सरसों के ऊंचे बाजार भाव को देखते हुए इसके बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी की उम्मीद पहले से व्यक्त की जा रही थी। इस बार वहां अन्य फसलों की खेती में भी किसानों की अच्छी दिलचस्पी देखी जा रही है।