राजस्थान में रबी फसलों का रकबा गत वर्ष से आगे

30-Dec-2025 11:23 AM

जयपुर। देश के एक प्रमुख कृषि उत्पादक पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में मौसम एवं नमी की स्थिति अनुकूल रहने एवं किसानों की सक्रियता बढ़ने से रबी फसलों के बिजाई क्षेत्र में अच्छी वृद्धि देखी जा रही है। बिजाई की प्रकिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और अनेक फसलों का रकबा गत वर्ष से आगे चल रहा है। 

राज्य कृषि विभाग की नई साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार चालू वर्ष के दौरान राजस्थान में 29 दिसम्बर 2025 तक रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 119.51 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 114.86 लाख हेक्टेयर से 4.65 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। 

रिपोर्ट के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि के दौरान गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 31.65 लाख हेक्टेयर से उछलकर 35.49 लाख हेक्टेयर तथा जौ का बिजाई क्षेत्र 3.50 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.49 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जिससे अनाजी फसलों के कुल क्षेत्रफल में भी अच्छी बढ़ोत्तरी हो गई। 

इसी तरह राज्य में दलहन फसलों और खासकर चना की बिजाई में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है। दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 16.93 लाख हेक्टेयर से उछलकर इस बार 22.74 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।

इसके तहत खासकर चना का बिजाई क्षेत्र 16.55 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 22.40 लाख हेक्टेयर हो गया जिसके मुकाबले अन्य दलहनों की खेती सीमित क्षेत्रफल में हुई।

इसी तरह सरसों की वजह से राजस्थान में रबी कालीन तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 35.03 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 36.45 लाख हेक्टेयर हो गया।

सरसों का बिजाई क्षेत्र बढ़कर 34.91 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल के क्षेत्रफल 33.72 लाख हेक्टेयर से 1.19 लाख  हेक्टेयर अधिक है। तारामीरा का रकबा भी 1.20 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 1.38 लाख हेक्टेयर हो गया।