राजस्थान में सोयाबीन का उत्पादन घटकर 5.67 लाख टन सिमटने का अनुमान
10-Oct-2025 07:51 PM
जयपुर। देश के तीसरे सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में इस वर्ष बिजाई क्षेत्र में कमी आने तथा जोरदार वर्षा एवं बाढ़ से फसल को हुए भारी नुकसान के कारण इस महत्वपूर्ण खरीफ कालीन तिलहन के उत्पादन में जबरदस्त गिरावट आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
इंदौर स्थित संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के अनुसार 2025-26 के खरीफ सीजन के दौरान राजस्थान में सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र घटकर 9.07 लाख हेक्टेयर पर अटक गया जो पिछले साल के क्षेत्रफल 11.13 लाख हेक्टेयर से 2.06 लाख हेक्टेयर कम है।
इसी तरह वहां प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए भारी नुकसान के कारण सोयाबीन की औसत उपज दर 946 किलो प्रति हेक्टेयर से लुढ़ककर 625 किलो प्रति हेक्टेयर रह जाने की संभावना है।
इसके आधार पर सोपा ने राजस्थान में सोयाबीन का उत्पादन पिछले साल के 10.53 लाख टन से घटकर इस बार 5.67 लाख टन पर अटकने का अनुमान लगाया है।
