स्कॉटलैंड में खराब मौसम से गेहूं तथा जौ के उत्पादन में भारी गिरावट
14-Oct-2024 04:56 PM
वारविकशायर । मौसम की हालत प्रतिकूल रहने से चालू वर्ष के दौरान स्टॉकलैंड के विभिन्न भागों में शीतकालीन गेहूं एवं बसंतकालीन जौ के उत्पादन का प्रदर्शन काफी कमजोर देखा जा रहा है।
कुछ क्षेत्रों में फसल की हालत इतनी खराब हो गई कि ऊंचे बाजार भाव के बावजूद किसानों को लागत खर्च प्राप्त करने के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ रहा है। वैसे अन्य इलाकों की तुलना में स्कॉटलैंड के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में स्थिति कुछ बेहतर रही।
कुछ इलाकों में शीतकाल के दौरान जरूरत से ज्यादा बारिश होने तथा धूप का अभाव रहने से फसल का ठीक से विकास नहीं हो पाया। कटाई-तैयारी के समय भी वर्षा होती रही जिससे जौ पर किसानों को भारी धनराशि खर्च करनी पड़ी जिससे लागत खर्च और भी बढ़ गया जबकि इसके अनुरूप उत्पादन प्राप्त नहीं हो सका।
गत वर्ष की तुलना में इस बार फसल की कटाई करीब 10 दिन के बाद हुई। किसान अंत तक मौसम के साफ होने का इंतजार करते रहे।
शीतकालीन गेहूं की फसल शुरूआती दौर में काफी अच्छी हालत में थी और ऐसा लग रहा था कि इससे किसानों को अच्छी आमदनी प्राप्त होगी लेकिन जून की तुलना में सितम्बर-अक्टूबर का मौसम बेहद खराब रहा और किसानों को इससे चिंता के साथ हैरानी भी हुई।
उत्पादन में गिरावट आने से स्कॉटलैंड में गेहूं तथा जौ के आयात की आवश्यकता पड़ सकती है जबकि किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होना निश्चित है। आम उपभोक्ताओं की कठिनाई भी बढ़ने की आशंका है।
