सामान्य कारोबार के बीच कनाडा में मसूर का भाव स्थिर

19-Feb-2026 01:15 PM

सस्काटून। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में आपूर्ति एवं उपलब्धता की सुगम स्थिति के साथ कारोबार सामान्य होने से मसूर की कीमतों में चालू सप्ताह के दौरान काफी हद तक स्थिरता देखी जा रही है। लाल मसूर का एफओबी भाव 25 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर है जबकि मोटी हरी मसूर का दाम कुछ नरमी के साथ 24-26 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है।

इसके फलस्वरूप लाल मसूर हरी मसूर के बीच मूल्यान्तर लगभग समाप्त हो गया जिससे कनाडा के किसानों को हरी मसूर के बजाए लाल मसूर की खेती को प्राथमिकता देने का प्रोत्साहन मिल सकता है। 

लेकिन इस मूल्य स्तर पर मसूर का ज्यादा कारोबार नहीं हो रहा है। कनाडा में हरी मसूर का स्टॉक कम है जबकि लाल मसूर का भाव ऊंचा होने से इसकी लिवाली पर असर पड़ने लगा है। वहां अप्रैल से मसूर की बिजाई शुरू होने वाली है और उत्पादक इसकी तैयारी में जुट गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया, रूस और कजाकिस्तान जैसे आपूर्तिकर्ता देशों में मसूर का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है। अमरीका में भी निर्यात योग्य स्टॉक है जबकि भारत में अगले दो-तीन सप्ताहों के बाद मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने लगेगी। 

सस्कैचवान प्रान्त में छोटी हरी मसूर का भाव गिरकर 18-20 सेंट प्रति पौंड रह गया है लेकिन फिर भी उसमें जोरदार कारोबार नहीं देखा जा रहा है। अगली फसल की खरीद बिक्री के लिए अग्रिम अनुबंध आरंभ हो गया है लेकिन उसमें भाव अभी दबा हुआ है। विशाल स्टॉक को घटाने के लिए कनाडा को मसूर के निर्यात की रफ्तार तेज करने की आवश्यकता है।