साप्ताहिक समीक्षा-चीनी
28-Sep-2024 08:43 PM
त्यौहारी मांग से चीनी के दाम में सुधार का सिलसिला जारी
नई दिल्ली । त्यौहारी सीजन की मजबूत मांग का समर्थन मिलने से 21-27 सितम्बर के सप्ताह के दौरान यूपी, पंजाब, एमपी तथा बिहार में चीनी का मिल डिलीवरी भाव काफी ऊंचा रहा।
गुजरात
गुजरात में मामूली बढ़ोत्तरी हुई जबकि दिल्ली में हाजिर भाव 150 रुपए उछलकर 4140/4350 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी का एक्स फैक्टरी मूल्य पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60 रुपए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80 रुपए, पंजाब में 90 रुपए, मध्य प्रदेश में 80 रुपए तथा बिहार में 180 रुपए प्रति क्विंटल तेज हो गया। गुजरात में भी एम ग्रेड का दाम 20 रुपए बढ़ा।
हाजिर भाव
लेकिन इंदौर एवं रायपुर में चीनी के हाजिर बाजार मूल्य में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। इसी तरह मुम्बई (वाशी) मार्केट में चीनी का दाम अपने पिछले स्तर पर बरकरार रहा और नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में भी कोई उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में चीनी के टेंडर मूल्य में 10-30 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 10 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ। उधर कोलकाता में चीनी का हाजिर मूल्य में 70 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
कोटा
महीने का अंतिम सप्ताह होने के कारण मिलर्स पर सितम्बर के फ्री सेल कोटे की चीनी के बचे हुए स्टॉक को बेचने का दबाव था लेकिन स्टॉकिस्टों एवं फ़ूड प्रोसेसिंग इकाइयों की अच्छी मांग के कारण कीमतों में मजबूती बनी रही। सितम्बर के लिए 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किया गया था जिसे अक्टूबर के लिए 2 लाख टन बढ़ाकर 25.50 लाख टन निर्धारित किया गया। अक्टूबर में चीनी की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
एक्स फैक्टरी भाव
यूपी, एमपी, पंजाब एवं बिहार में चीनी का एक्स फैक्टरी मूल्य ऊंचा हो गया है। सरकार इसक एमएसपी बढ़ाने पर विचार कर रही है जबकि एथनॉल का खरीद मूल्य बढ़ना लगभग निश्चित हो गया है। उधर सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश ब्राजील में शुष्क एवं गर्म मौसम तथा आगजनी की घटनाओं से गन्ना की फसल को हो रहे भारी नुकसान के कारण चीनी का उत्पादन घटने की संभावना है जिससे वैश्विक बाजार भाव तेज होता जा रहा है। भारतीय उद्योग सरकार से चीनी के निर्यात की अनुमति देने का बार-बार आग्रह कर रहा है।
