साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
16-Nov-2024 07:56 PM
मंडियों में बढ़ती आवक से मूंगफली की कीमतों पर दबाव
नई दिल्ली। गुजरात की गोंडल तथा राजकोट एवं उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड (झांसी, मऊरानीपुर, महोबा) में मूंगफली की भारी आवक होने लगी है जबकि सरकारी खरीद जोर नहीं पकड़ पाई है। इसके फलस्वरूप कीमतों में नरमी का रूख बना हुआ है। 8 से 14 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान गोंडल में मूंगफली की आवक 85 हजार से बढ़ते हुए 90 हजार बोरी तथा राजकोट में 60 हजार बोरी तक पहुंच गई जबकि वहां इसका दाम (गोंडल में) 150 रुपए गिरकर 5000/6300 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। राजकोट में भाव 6000/7000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। केन्द्र सरकार ने 2024-25 सीजन के लिए मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6.4 प्रतिशत बढ़ाकर 6783 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
मूंगफली दाना
मूंगफली के दाने की कीमतों में भी समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मिलर्स एवं व्यापारियों की कमजोर मांग के कारण भारी गिरावट दर्ज की गई। इसका भाव बीकानेर में 40/50 काउंट के लिए 1400 रुपए, 50/60 काउंट के लिए 1200 रुपए तथा 60/70 काउंट के लिए 900 रुपए प्रति क्विंटल घट गया। लेकिन मूंगफली तेल के दाम में 30-40 रुपए प्रति 10 किलो का इजाफा दर्ज किया गया। बीकानेर, नेवाई / टोंक तथा हैदराबाद में मूंगफली का भाव 40-40 रुपए प्रति 10 किलो ऊपर उठ गया।
आवक
उत्तर प्रदेश के झांसी में मूंगफली की आवक 35-45 हजार बोरी हो रही है जबकि कीमत 100 रुपए गिरकर 3800/4400 रुपए प्रति क्विंटल रह गई। मऊरानीपुर में 20-30 हजार बोरी की दैनिक आवक के साथ मूंगफली का दाम 200 रुपए गिरकर 3800/4500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। मूंगफली का भाव राजस्थान के बीकानेर में 300 रुपए तथा जयपुर 500 रुपए घट गया लेकिन महाराष्ट्र के सोलापुर में यह 100 रुपए की वृद्धि के साथ 6600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
