साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

11-Oct-2025 07:53 PM

नए माल की बढ़ती आवक से बाजार भाव में मिश्रित रुख 

नई दिल्ली। गुजरात सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ कालीन मूंगफली की नई फसल की कटाई-तैयारी एवं मंडियों में आवक शुरू हो गई है और आगामी समय के दौरान आपूर्ति का प्रवाह तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। 
उत्पादन 
दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- गुजरात एवं राजस्थान में फसल की हालत बेहतर होने से मूंगफली का उत्पादन बढ़ने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक में फसल की हालत संतोषजनक बताई जा रही है लेकिन महाराष्ट्र में बाढ़ वर्षा एवं जल जमाव से मूंगफली की फसल को कुछ नुकसान होने की आशंका है। 
आवक 
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 4-10 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली की दैनिक आवक गुजरात के राजकोट में 15,000 से 30,000 बोरी के बीच हुई मगर इसके अनुरूप कारोबार नहीं होने से कीमत 500 रुपए घटकर 5000/6000 रुपए प्रति क्विंटल रह गई। गोंडल में 4 अक्टूबर को 17 हजार बोरी मूंगफली पहुंची थी। 
मूंगफली भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजस्थान के जोधपुर तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 100-100 रुपए बढ़कर क्रमश: 5300 रुपए एवं 6600 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। उत्तर प्रदेश की झांसी मंडी में मूंगफली की आवक 5000 बोरी से बढ़ते हुए 13,500 बोरी पर पहुंची मगर कीमतों में 4500/5500 रुपए के स्तर पर कोई बदलाव नहीं देखा गया। लेकिन महोबा में 100-125 बोरी की सीमित आवक होने तथा मांग मजबूत रहने से मूंगफली का दाम 600 रुपए उछलकर 4000/4600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। दूसरी ओर मऊरानीपुर में भाव 200 रुपए गिरकर 3600/4400 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
मूंगफली दाना  
छिलका रहित मूंगफली दाने में शानदर कारोबार होने से बीकानेर में भाव 500/600 रुपए प्रति क्विंटल तेज हो गया। हालांकि इंडोनेशिया में मूंगफली के निर्यात का मामला अभी लंबित है मगर अन्य आयातक देशों में इसकी मांग बढ़ने लगी है। उधर महाराष्ट्र के नागपुर में ऊंचे दाम पर कारोबार कुछ सुस्त होने से मूंगफली दाने की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गई। 
मूंगफली तेल / ब्रांडेड तेल  
मूंगफली तेल की मांग काफी मजबूत रही जिससे गुजरात, मुम्बई, बीकानेर, चेन्नई, हैदराबाद एवं नेवाई /टोंक में इसका भाव ऊपर चढ़ गया। फिल्टर्ड मूंगफली की कीमतों में भी 2-3 रुपए प्रति किलो का इजाफा हुआ मगर कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव पिछले स्तर पर स्थिर रहा।