साप्ताहिक समीक्षा- सरसों
02-Aug-2025 08:15 PM
क्रशिंग मिलों की मांग से सरसों का दाम मजबूत
नई दिल्ली। व्यपारियों एवं क्रशर्स- प्रोसेसर्स की मांग मजबूत रहने से सरसों की कीमतों में तेजी मजबूती का सिलसिला 26 जुलाई - 1 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान भी जारी रहा।
42% कंडीशन सरसों
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 100 रुपए बढ़कर 7200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया जबकि जयपुर में 50 रुपए गिरकर 7550 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों के मूल्य में भी 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश
लेकिन मध्य प्रदेश में बाजार मिश्रित रहा। वहां सरसों का भाव मुरैना एवं पोरसा में 50-50 रुपए सुधर गया मगर ग्वालियर मंडी में 100 रुपए नरम रहा। इसी तरह राजस्थान में जयपुर एवं गंगानगर में सरसों की कीमत घट गई जबकि अन्य मंडियों में 50-100 रुपए तेज हो गई। उत्तर प्रदेश की हापुड़ एवं आगरा मंडी में ऊंचे दाम पर सरसों में सीमित कारोबार हुआ इसलिए कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल बना रहा। कोलकाता में 100 रुपए की नरमी रही।
आवक
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में सरसों की सीमित आवक दर्ज की गई। 26 जुलाई को 3 लाख बोरी (50 किलो की प्रत्येक बोरी) की आवक हुई।
सरसों तेल (कच्ची घानी)
सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी का भाव पहले ही काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच चुका है और इसलिए सप्ताह के दौरान इसमें कुछ नरमी दर्ज की गई। लेकिन दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 15 रुपए बढ़कर 1625 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। उधर आगरा में कच्ची घानी तेल का दाम 30 रुपए की वृद्धि के साथ 1650 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा लेकिन अन्य अधिकांश केन्द्रों में इसमें 5 से 15 रुपए तक की गिरावट रही। हापुड़ में कच्ची घानी तेल 20 रुपए की नरमी के साथ 1750/1800 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल में सामान्य कारोबार के बीच कीमतों में 10-20 रुपए प्रति क्विंटल का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। चरखी दादरी में यह 30 रुपए बढ़कर 2200 रुपए प्रति क्विंटल तथा भरतपुर 20 रुपए सुधरकर 2280 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
स्टॉक बिक्री
सरकारी एजेंसी- नैफेड / हैफेड को ऊंचे दाम पर अपने स्टॉक की सरसों को बेचने में अच्छी सफलता मिल रही है। लेकिन इसका स्टॉक तेजी से घटता जा रहा है।
