साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

11-Oct-2025 07:47 PM

उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका के बावजूद सोयाबीन का भाव नरम 

नई दिल्ली। बिजाई क्षेत्र में करीब 10 लाख हेक्टेयर की कमी आने तथा बाढ़-वर्षा से फसल को भारी क्षति होने के कारण चालू सीजन के दौरान सोयाबीन के उत्पादन में काफी गिरावट आने की संभावना है। मंडियों में इसकी आवक भी सीमित हो रही है लेकिन इसके बावजूद कीमतों में गिरावट का माहौल देखा जा रहा है।
प्लांट डिलीवरी मूल्य  
4-10 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन का लूज मंडी भाव और प्लांट डिलीवरी मूल्य 100-200 रुपए प्रति क्विंटल और नीचे आ गया जबकि पहले से ही यह 5328 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे चल रहा था। सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य मध्य प्रदेश में 4200-4400 रुपए प्रति क्विंटल, महाराष्ट्र में 4400-4600 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान में 4400 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
सोया तेल (रिफाइंड) 
लेकिन त्यौहारी मांग के कारण सोया रिफाइंड तेल के दाम में 10-20 रुपए प्रति 10 किलो की तेजी देखी गई। मध्य प्रदेश के पीथमपुर में यह 20 रुपए बढ़कर 1260-1265 रुपए प्रति 10 किलो, महाराष्ट्र के मुम्बई में 10 रुपए सुधरकर 1270 रुपए, राज्थान के कोटा में 20 रुपए बढ़कर 1290 रुपए, गुजरात के कांडला में 10 रुपए सुधरकर 1255 रुपए तथा बंगाल के हल्दिया में 23 रुपए बढ़कर 1265 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया।
आयात मूल्य में बढ़ोत्तरी   
वैश्विक बाजार में तेजी के कारण सोया तेल का आयात मूल्य बढ़ गया। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोया डिगम का आयात मूल्य 2112 रुपए प्रति टन या 25 डॉलर प्रति टन बढ़ गया जबकि हाई सीज में प्रति 10 किलो पर इसमें 14 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई। अक्टूबर डिलीवरी का दाम 1193 डॉलर प्रति टन हो गया। 
मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश में सोया डीओसी का कारोबार सीमित होने से कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया लेकिन महाराष्ट्र में कमजोर मांग के कारण भाव घट गया। इसमें प्रति टन पर 500 से लेकर 1500 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई। राजस्थान में भी 1000 रुपए की नरमी रही। 
आवक 
सोयाबीन के नए माल की आवक आगामी समय में जोर पकड़ने की संभावना है। सोपा ने इसका उत्पादन 125 लाख टन से घटकर 105 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया है।