साप्ताहिक समीक्षा- धान - चावल

02-Aug-2025 09:00 PM

सामान्य कारोबार के साथ धान-चावल के मूल्य में 100-150 रुपए की तेजी-मंदी    

नई दिल्ली। खरीफ कालीन धान के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हो रही है और सरकार के पास चावल का  विशालकाय स्टॉक मौजूद है। घरेलू मंडियों में चावल की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है। निर्यात प्रदर्शन संतोषजनक है जबकि मंडियों में मुख्यतः बासमती वैरायटी के धान की आवक हो रही है। गैर बासमती धान की आवक अक्टूबर से आरंभ होगी। पंजाब में अगैती खेती होने से नए धान की कटाई-सितम्बर के दूसरे हाफ से शुरू हो सकती है। 
दिल्ली 
26 जुलाई से 1 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 3 से 5 हजार बोरी के बीच धान की दैनिक आवक हुई और अच्छी लिवाली होने से 1718 धान का भाव 131 रुपए बढ़कर 3831 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया मगर 1847 का दाम 40 रुपए गिरकर 2960 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
छत्तीसगढ़ 
उधर छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में 3-6 हजार बोरी तथा राजिम मंडी में 5 से 8 हजार बोरी के बीच धान की दैनिक आवक हुई। भाटापाड़ा में महामाया धान का दाम 100 रुपए गिरकर 2000/2100 रुपए प्रति क्विंटल रह गया जबकि राजिम में बीपीटी धान 125 रुपए बढ़कर 2040 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में धान की रोजाना आवक 5-6 हजार बोरी की हुई लेकिन केवल पीआर 13 में ही अच्छा कारोबार हुआ जिससे इसका भाव 100 रुपए सुधर गया। 
राजस्थान  
राजस्थान की बूंदी मंडी में 1718 के दाम में 50 रुपए एवं 1847 के मूल्य में 100 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई मगर धान की दैनिक आवक 400 से 1000 बोरी के बीच ही रही। कोटा में धान का कारोबार सुस्त रहा। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो आमतौर पर इसकी खरीद में व्यापारियों एवं निर्यातकों की दिलचस्पी कम देखी गई लेकिन कुछ किस्मों में अच्छा कारोबार हुआ। 
दिल्ली 
दिल्ली के नया बाजार में 1121 सेला, शरबती सेला तथा 1718 सेला चावल के मूल्य में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर्ज किया गया जबकि 1718 स्टीम के दाम में 100 रुपए तथा ताज सेला के भाव में 300 रुपए की गिरावट रही। 
राजस्थान 
राजस्थान की बूंदी मंडी में चावल की कुछ किस्मों के दाम में 50-100 रुपए की नरमी रही जबकि हरियाणा की करनाल मंडी में इतनी ही तेजी दर्ज की गई। 
पंजाब / कर्नाटक 
पंजाब के अमृतसर 1509 सेला चावल का दाम 150 रुपए घटकर 5750/5800 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। कर्नाटक के रायचूर में चावल का बाजार नरम रहा।