साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

11-Oct-2025 08:08 PM

नए धान की भारी आवक जारी- चावल के दाम पर दबाव  

नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खरीफ कालीन धान (खासकर बासमती) की कटाई-तैयारी की रफ्तार तेज होने से प्रमुख मंडियों में इसकी आवक बढ़ती जा रही है जबकि सामान्य कारोबार के बीच इसकी कीमतों में काफी हद तक स्थिरता देखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार बासमती धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारण नहीं करती है और न ही आमतौर पर केन्द्रीय पूल के लिए किसानों से इसकी खरीद की जाती है।
दिल्ली  
4-10 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की दैनिक आवक 20 से 40 हजार बोरी के बीच दर्ज की गई और 1509 हैण्ड का भाव सुधरकर 3000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच गया। नजफगढ़ मंडी में भी 5-6 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई। फिलहाल मंडियों में मुख्यतः 1509 धान की ही आपूर्ति हो रही है। 
छत्तीसगढ़ 
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में भी अलग-अलग 4-5 हजार बोरी धान रोजाना पहुंच रहा है लेकिन सीमित कारोबार के कारण कीमतों में कोई विशेष उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। 
पंजाब / अमृतसर  
पंजाब के अमृतसर में 4 अक्टूबर को 55 हजार बोरी धान पहुंचा था मगर बाद में आवक घटकर 20-22 हजार बोरी रह गई। इसी तरह तरन तारन में भी धान की आवक 54 हजार बोरी से घटे हुए 7 हजार बोरी रह गई। फाजिल्का में 2 हजार बोरी धान पहुंच रहा है। वहां 1847 धान के दाम में 90 रुपए प्रति क्विंटल की  बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
आवक    
धान की सर्वाधिक आवक उत्तर प्रदेश की मंडियों में हो रही है। वहां एटा में 50-55 हजार बोरी, मैनपुरी में 20-30 हजार बोरी, जहांगीराबाद में 25-50 हजार बोरी, शाहजहांपुर में 1.00-1.25 लाख बोरी, अलीगढ में 50-80 हजार बोरी तथा खैर में 60 हजार बोरी धान की आवक दर्ज की गई। हरियाणा की टोहाना एवं गोहाना मंडी तथा राजस्थान की बूंदी एवं कोटा मंडी में भी धान की आवक बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश के डबरा में 10-20 हजार बोरी धान की दैनिक आपूर्ति हुई।  
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो अधिकतर मंडियों में सीमित कारोबार के बीच इसके दाम में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल का उतार-चढ़ाव देखा गया। 
अमृतसर / राजस्थान 
अमृतसर में 1509 स्टीम चावल के दाम में 200 रुपए तथा 1718 सेला के मूल्य में 100 रुपए की गिरावट रही। उत्तराखंड की नगर मंडी में विभिन्न किस्मों के चावल के मूल्य में 50 रुपए का सुधार आया लेकिन राजस्थान के बूंदी एवं हरियाणा के करनाल में चावल का भाव 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल सस्ता हो गया। दिल्ली के नया बाजार में भी अधिकांश श्रेणियों के चावल की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई।