साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
25-Oct-2025 06:25 PM
मंडियों में नए धान की अच्छी आवक जारी- चावल का भाव कमजोर
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन धान और खासकर बासमती की आपूर्ति बढ़ती जा रही है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा तमिलनाडु जैसे राज्यों में गैर बासमती या सामान्य श्रेणी का धान भी भारी मात्रा में पहुंच रहा है मगर इसकी खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है।
त्यौहारी अवकाश
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 18-24 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान यद्यपि मार्केट में 2-3 दिनों तक त्यौहारी अवकाश रहा लेकिन कारोबारी दिनों के दौरान किसानों द्वारा वहां भारी मात्रा में धान उतारा गया।
आवक
दिल्ली की नरेला मंडी में 22 अक्टूबर को करीब एक लाख बोरी धान आया और सामान्य कारोबार के बीच 1121 धान का भाव 91 रुपए घटकर 42.61 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। दूसरी ओर 1509 कम्बाइन का दाम 30 रुपए प्रति क्विंटल सुधर गया। नजफगढ़ मंडी में भी धान की आवक बढ़ते हुए 10 हजार बोरी पर पहुंच गई।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की मंडियों में धान का ज्यादा स्टॉक नहीं आया लेकिन पंजाब के अमृतसर में आपूर्ति एक लाख बोरी पर पहुंच गई लेकिन मांग कमजोर रहने से 1509 एवं 1718 धान के दाम में गिरावट दर्ज की गई। तरन तारन में 40-45 हजार बोरी धान की आपूर्ति हुई और कीमतों में 50-55 रुपए की नरमी रही।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों में जब भी कारोबार हुआ तो किसानों ने बासमती धान को उतारने एवं बेचने का हर संभव प्रयास किया। 24 अक्टूबर को एटा में 25 हजार बोरी, शाहजहांपुर में 60 हजार बोरी, अलीगढ़ में 40 हजार बोरी तथा 18 अक्टूबर को खैर मंडी में 25 हजार बोरी धान की आवक हुई। लेकिन इन मंडियों में धान की कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं आया।
हरियाणा
हरियाणा की टोहाना मंडी में 10 हजार बोरी धान पहुंचा। उधर राजस्थान की कोटा एवं बूंदी मंडी में 24 अक्टूबर को भारी मात्रा में धान आया। बारिश का दौर थमने तथा मौसम साफ होने से धान की कटाई की गति तेज होती जा रही है।
चावल
जहां तक चावल सवाल है तो समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसका कारोबार सामान्य से कुछ कम हुआ। व्यापारियों- प्रोसेसर्स की ज्यादा सक्रियता नहीं देखी गई और निर्यातको की दिलचस्पी भी घट गई। भाटापाड़ा में श्रीराम चावल का दाम 100 रुपए गिरकर 6100 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। अमृतसर में भी 1509 सेला चावल 100 रुपए कमजोर रहा।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल के दाम में 150 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। हरियाणा के करनाल एवं दिल्ली के नया बाजार में चावल का भाव पिछले स्तर पर स्थिर रहा।
