साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
22-Nov-2025 08:25 PM
मिलर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की मजबूत मांग से धान-चावल का भाव तेज
नई दिल्ली। लम्बे समय के बाद 15-21 नवम्बर वाला सप्ताह ऐसा रहा जब मंडियों में खरीफ कालीन धान (मुख्यतः, बासमती एवं 'ए' ग्रेड) की भरपूर आवक होने के बावजूद इसकी कीमतों में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और चावल का दाम भी मजबूत बना रहा। दरअसल मिलर्स प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों द्वारा धान-चावल की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखाई गई।
दिल्ली
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की आवक बढ़ते हुए 20 नवम्बर को 85 हजार बोरी के करीब पहुंच गई और 1718 धान का भाव 400 रुपए उछलकर 3400 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। इसी तरह 1121 एवं 1509 हैण्ड धान के मूल्य में भी 100 रुपए तक की तेजी रही। नजफगढ़ मंडी में 15-20 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई और कीमतों में 100-110 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में धान की समान्य आवक हो रही है लेकिन कीमतों में 100 से 250 रुपए तक की बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। महामाया धान का भाव 250-300 रुपए तक बढ़ गया।
पंजाब
पंजाब के अनुसार एवं तरन तारन में धान की भारी भरकम आपूर्ति जारी रहने के बावजूद कीमतों में थोड़ी-बहुत मजबूती या स्थिरता देखी गई। तरन तारन में 1509 धान का दाम करीब 200 रुपए बढ़कर 2700/3150 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। ध्यान देने की बात है कि बासमती धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण नहीं होता है और इसका भाव मुख्यतः बाजार में मांग एवं आपूर्ति के समीकरण पर निर्भर रहता है।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों- एटा, मैनपुरी जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, खैर तथा अलीगढ में धान की जोरदार आवक होने के बावजूद बेहतर उठाव के कारण कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। डिबाई में भी यही स्थिति रही।
चावल
जहां तक चावल सवाल है तो भाटापाड़ा एवं रायचूर (कर्नाटक) सहित कुछ अन्य मंडियों में इसका भाव पिछले स्तर पर बरकरार रहा लेकिन अमृतसर में अच्छी खरीद-बिक्री होने से कीमतों में 150-250 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही। राजस्थान की बूंदी मंडी में भी चावल के दाल में 100-225 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर्ज किया गया।
उत्तराखंड / हरियाणा
उत्तराखंड की नगर मंडी तथा हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी में चावल के दाम में विशेष उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। लेकिन दिल्ली के नया बाजार में चावल में अच्छी खरीद-बिक्री हुई जिससे अधिकांश किस्मों एवं श्रेणियों के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। बासमती चावल की वैश्विक मांग मजबूत बनी हुई है जबकि आगे और भी बढ़ सकती है। फरवरी में रमजान का पवित्र महीना शुरू होने वाला है जिसकी मांग को पूरा करने के लिए खाड़ी क्षेत्र के मुस्लिम बहुल देश दिसम्बर-जनवरी में भारत में भारी मात्रा में बासमती चावल मंगा सकते हैं।
