साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

27-Dec-2025 08:09 PM

धान की कीमतों में तेजी के बावजूद चावल का भाव स्थिर 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में बासमती तथा 'ए' ग्रेड धान की आपूर्ति कमजोर पड़ने लगी है जबकि आगामी समय में चावल की घरेलू एवं निरयत मांग बढ़ने के आसार हैं। मुस्लिम बहुल देशों में बासमती चावल में रमजान की मांग निकल सकती है। सामान्य श्रेणी के धान की खरीद तो भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं उसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा की जा रही है जबकि बासमती धान मुख्यतः मिलर्स- प्रोसेसर्स एवं व्यापारियों-निर्यातकों द्वारा खरीदा जाता है। पंजाब में बासमती धान का उत्पादन घटने की सूचना मिल रही है। 
दिल्ली 
20-26 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 20-30 हजार तथा नजफगढ़ मंडी में 4-5 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई है। उसके दाम में 150 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसी तरह छत्तीसगढ़ की भाटपाड़ा एवं राजिम मंडी में 1000-2000 बोरी धान रोजाना पहुंच रहा है। वहां भी इसकी कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी रही। 
पंजाब / अमृतसर 
पंजाब की अमृतसर मंडी में धान की आवक अक्टूबर-नवम्बर के शीर्ष स्तर की तुलना में घटकर अब नगण्य रह गई है और सीमित कारोबार के साथ कीमतों में भी कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। फाजिल्का का भी यही हाल है लेकिन तरन-तारन में 5-6 हजार बोरी की दैनिक आवक के साथ 1121 धान का भाव 185 रुपए बढ़कर 4285 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों- अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, खैर एवं शाजहांपुर आदि में धान की अच्छी आपूर्ति हुई और बेहतर कारोबार के साथ इसकी कीमतों में अच्छा सुधार दर्ज किया गया। ऐसा प्रतीत होता है कि मिलर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातक आगामी समय की जरूरतों को ध्यान में रखकर धान का स्टॉक बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। 
चावल 
लेकिन चावल की कीमतों में नरमी या स्थिरता का माहौल बना हुआ है। हालांकि इसकी घरेलू एवं निर्यात मांग में गिरावट नहीं आई है लेकिन डॉलर के मुकाबले रुपया का मूल्य काफी घट जाने से निर्यातकों को चावल का निर्यात ऑफर मूल्य प्रतिस्पर्धी स्तर पर रखने में सहायता मिल रही है। भाटपाड़ा में चावल के दाम में 100 से 500 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। 
अमृतसर 
अमृतसर में 1121 चावल का भाव 150 रुपए तथा 1718 सेला का दाम 350 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। राजस्थान के बूंदी में चावल की अच्छी मांग रही जिससे कीमतों में 300-350 रुपए प्रति क्विंटल तक की वृद्धि हुई। लेकिन उत्तराखंड की नगर मंडी, हरियाणा की करनाल मंडी एवं दिल्ली के नया बाजार के चावल का भाव स्थिर बना रहा।