सरकारी चावल तथा मक्का का दाम एथनॉल उत्पादन के लिए आकर्षक नहीं

20-Sep-2024 02:22 PM

नई दिल्ली । हाल ही में केन्द्र सरकार ने अपनी अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को एथनॉल निर्माण के लिए डिस्टीलरीज को अपने स्टॉक से चावल बेचने की अनुमति दी है और इसकी कुल मात्रा 23 लाख टन सीमित रखने के लिए कहा है।

हालांकि जैव ईंधन निर्माताओं द्वारा आमतौर पर सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया गया है लेकिन साथ में यह भी कहा गया है कि खाद्य निगम के चावल का वर्तमान मूल्य एथनॉल निर्मातओं के लिए आकर्षक या लाभप्रद नहीं है। 

इस्मा के पूर्व महानिदेशक का कहना है कि एथनॉल निर्माण उद्योग लम्बे समय से खाद्य निगम के चावल की प्रतीक्षा कर रहा था।

अब सरकार ने निगम को 23 लाख टन चावल बेचने की स्वीकृति भी प्रदान की है मगर डिस्टीलर्स द्वारा इसकी खरीद में कम दिलचस्पी दिखाए जाने की संभावना है और इसकी प्रक्रिया भी काफी जटिल प्रतीत होती है। 

पहली बात यह है कि डिस्टीलर्स को ई-नीलामी में भाग लेना पड़ेगा जो प्रत्येक सप्ताह आयोजित की जाएगी। यदि यह डिपो बार होती है तो यह देखन जरुरी होगा कि डिस्टीलर्स के निकटवर्ती डिपो पर चावल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है या नहीं।

28 अगस्त को आयोजित ई-नीलामी में खाद्य निगम ने चावल का रिजर्व मूल्य 3150 रुपए प्रति क्विंटल के करीब निर्धारित किया।

खाद्य निगम के गोदामों से एथनॉल प्लांट तक लाने पर इस चावल का खर्च बढ़कर 3200 रुपए प्रति क्विंटल हो जाता है। एथनॉल के वर्तमान मूल्य स्तर को देखते हुए चावल का यह खर्च गैर लाभप्रद हो गया है। एथनॉल का मूल्य 58.50 रुपए प्रति लीटर है।

मगर इस चावल से निर्मित एथनॉल का खर्च 72 रुपए प्रति लीटर के करीब बैठता है। ऐसी हालत में या तो खाद्य निगम को चावल का रिजर्व मूल्य घटाना पड़ेगा या फिर तेल विपणन कंपनियों के लिए सरकार को एथनॉल की खरीद के मूल्य में अपेक्षित बढ़ोत्तरी करनी पड़ेगी। 

मक्का का घरेलू बाजार भाव काफी ऊंचा हो गया है जबकि एथनॉल के दाम में उसके अनुरूप बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। गत वर्ष मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2090 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया था जिसे चालू वर्ष में बढ़कर 2225 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

बिहार के पूर्वोत्तर भाग में सर्वोत्तम क्वालिटी के मक्का का उत्पादन  होता है जहां पूर्णिया इसका प्रमुख थोक बाजार है। वहां मक्का का भाव पिछले साल के 2050-2100 रुपए प्रति क्विंटल से उछलकर इस बार 2600-2700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है।