सरसों के बिजाइ क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी से पैदावार सुधरने के आसार
24-Dec-2025 09:21 PM
नई दिल्ली। रबी सीजन की सबसे प्रमुख तिलहन फसल- सरसों के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी हुई है और मौसम की स्थिति भी संतोषजनक बनी हुई है जिससे इसके उत्पादन में सुधार आने की उम्मीद है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार 19 दिसम्बर 2025 तक सरसों का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 87.80 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 86.57 लाख हेक्टेयर से 1.23 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
गत वर्ष की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान सभी शीर्ष उत्पादक प्रांतों- राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा एवं पश्चिम बंगाल में सरसों में बिजाई क्षेत्र में अच्छा इजाफा हुआ है और लगभग सभी उत्पादक क्षेत्रों में फसल का सही ढंग से विकास हो रहा है।
अनेक इलाकों में सरसों के पौधे में नई-नई शाखाएं / पत्तियां निकल रही हैं जबकि कुछ क्षेत्रों में फूल एवं दाना घटने की प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है।
अगैती बिजाई वाली सरसों की नई फसल की कटाई-तैयारी फरवरी से आरंभ हो जाएगी जबकि मार्च से इसकी जोरदार आवक शुरू होने की उम्मीद है।
हालांकि कुछ क्षेत्रों में सरसों की फसल पर कीड़ों-रोगों का प्रकोप देखा जा रहा है लेकिन इसका विस्तार और असर काफी सीमित है इसलिए फसल को कोई विशेष खतरा नहीं है।
चालू माह (दिसम्बर) के प्रथम पखवाड़े के दौरान उत्पादन इलाकों में बारिश का अभाव रहा लेकिन तापमान नीचे रहने एवं मिटटी में नमी का समुचित अंश मौजूद होने से फसल की हालत ठीक है।
सिंचाई के लिए बांधों-जलाशयों में पानी का अच्छा स्टॉक उपलब्ध है। राजस्थान में सरसों की बिजाई सही समय पर पूरी हो गई थी लेकिन निचले इलाकों में कहीं-कहीं इसकी दोबारा बिजाई की जरूरत पड़ी।
