सस्कैचवान में कृषि उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान

22-Dec-2025 03:08 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य- सस्कैचवान में चालू वर्ष के दौरान मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने तथा कुछ अन्य चुनौतियां मौजूद रहने के बावजूद सम्पूर्ण कृषि उत्पादन बढ़कर एक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि सस्कैचवान प्रान्त में गेहूं, कैनाल, मसूर एवं मटर आदि का विशाल उत्पादन होता है। 

राज्य कृषि विभाग के अनुसार चालू वर्ष (2025) के दौरान सस्कैचवान में खाद्यान्न, दलहन एवं तिलहन का सकल उत्पादन उछलकर 419 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा जो 2024 के सकल उत्पादन से 17.7 प्रतिशत अधिक रहा। यह आंकड़ा पंचवर्षीय औसत उत्पादन से भी 24 प्रतिशत ज्यादा है।

तमाम फसलों की कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी है। ज्ञात हो कि इस वर्ष राज्य के कुछ भागों में शुरूआती चरण के दौरान वर्षा का अभाव रहा था जबकि फसल कटाई  के समय जोरदार बारिश हुई थी। इसके बावजूद राज्य में कैनोला का उत्पादन उछलकर 122 लाख टन तथा मसूर का उत्पादन बढ़कर 29 लाख टन के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। 

कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कैनोला एवं मसूर के अलावा सस्कैचवान में इस वर्ष 127 लाख टन बसंतकालीन गेहूं, 54 लाख टन, ड्यूरम गेहूं, 35 लाख टन जौ, 18 लाख टन मटर तथा 18 लाख टन जई का भी उत्पादन हुआ है।

मंत्रालय के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार राज्य में मसूर के उत्पादन में 87 प्रतिशत की शानदार बढ़ोत्तरी हुई जबकि कैनोला भी 16.7 प्रतिशत बढ़ गया। इसके साथ-साथ जौ के उत्पादन में 16 प्रतिशत, ड्यूरम गेहूं में 8.5 प्रतिशत तथा बसंतकालीन गेहूं के उत्पादन में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 

सस्कैचवान में वर्ष 2030 तक सम्पूर्ण कृषि उत्पादन बढ़ाकर 450 लाख टन तक पहुंचाने का लक्ष्य नियत किया गया है।

सस्कैचवान प्रान्त के कृषि उत्पादों का निर्यात दुनिया के 160 से अधिक देशों को होता है जिसमें भारत भी शामिल है। यहां मसूर एवं पीली मटर का आयात होता है।