Home News

सोयामील के ऊंचे दाम से पशु आहार निर्माण में मक्का एवं चावल की मांग बढ़ी

24-Nov-2026 03:28 PM

सोयामील के ऊंचे दाम से पशु आहार निर्माण में मक्का एवं चावल की मांग बढ़ी

हैदराबाद। सोयाबीन एवं सोयामील की तेजी से बढ़ती कीमतों को देखते हुए पशु आहार एवं पॉल्ट्री फीड निर्माण में अब मक्का तथा चावल का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। इसके फलस्वरूप मक्का एवं टुकड़ी चावल की मांग तेजी से बढ़ने की संभावना है जिससे इसकी कीमत तेज हो सकती है। फीड निर्माण में सोयामील का उपयोग करीब 25-30 प्रतिशत घट गया है। उल्लेखनीय है कि गैर प्रतिस्पर्धी मूल्य के कारण भारत से सोयामील का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। यदि घरेलू मांग भी कमजोर पड़ गई तो उद्योग की कठिनाई बढ़ सकती है। 

अक्टूबर-नवम्बर 2026 के दौरान भारतीय बाजार में सोयाबीन का भाव 760-800 डॉलर प्रति टन के बीच रहा जिससे सोयामील का लागत खर्च स्वाभाविक रूप से बढ़ गया। कमजोर निर्यात प्रदर्शन के बावजूद घरेलू खपतकर्ता उद्योग में सोयामील की अच्छी मांग बनी हुई थी जिससे क्रशिंग- प्रोसेसिंग इकाइयों का काम किसी तरह से चल रहा था। लेकिन घरेलू मांग कमजोर रहने पर उद्योग का संकट बढ़ जाएगा। ऐसी स्थिति में क्रशर्स / प्रोसेसर्स ऊंचे दाम पर सोयाबीन की खरीद करने से हिचक सकते हैं और सोयामील की उत्पादन क्षमता का सीमित उपयोग करने को विवश हो सकते हैं। 

2026-27 सीजन के दौरान भारत में कम वर्षा के कारण सोयाबीन का उत्पादन घटने की संभावना है खासकर महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में फसल बहुत कमजोर है। आपूर्ति का पीक सीजन होने के बावजूद थोक मंडियों में सोयाबीन की सीमित आवक हो रही है मिलर्स की जोरदार मांग के कारण कीमतों में जोरदार उछाल देखा जा रहा है।

पशु आहार / पॉल्ट्री फीड निर्माण उद्योग में मक्का एवं टूटे चावल की खपत बढ़ते से इसका बाजार भाव तेज हो गया है। एथनॉल उद्योग में भी इन दोनों अनाजों का भारी उपयोग होने की संभावना है। एथनॉल  उद्योग में भी परम्परागत रूप से मक्का का प्रमुख खपतकर्ता रहा है। इस बार मक्का एवं चावल का घरेलू उत्पादन भी घटने की संभावना है।