Home News
24-Nov-2026 03:48 PM
मुम्बई। तुवर बाजार में अजीब स्थिति देखी जा रही है। एक तरफ घरेलू उत्पादन में भारी गिरावट आने की आशंका है तो दूसरी ओर विदेशों से इसका जोरदार आयात हो रहा है। सरकार के पास भी तुवर का भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है। दाल मिलों की मांग सामान्य है। कीमतों में आगामी दिनों के दौरान उतार-चढ़ाव का माहौल बनने की संभावना है।
दोनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में भयंकर सूखा पड़ने से तुवर की फसल बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इसके फलस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर इसका सफल उत्पादन घटकर 20-25 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान लगाया जा रहा है जो सामान्य औसत उत्पादन 30-35 लाख टन से लगभग एक-तिहाई और कुल अनुमानित घरेलू मांग एवं खपत 42-45 लाख टन से करीब आधा (कम) है।
दूसरी ओर मोजाम्बिक, तंजानिया एवं मलावी जैसे अफ्रीकी देशों के साथ-साथ म्यांमार से भी तुवर का अच्छा आयात हो रहा है। चालू वर्ष के आरंभिक नौ महीनों में करीब 7 लाख टन तुवर का आयात हुआ। सरकार पहले ही 31 मार्च 2027 तक तुवर के आयात को शुल्क मुक्त कर चुकी है जबकि आगे भी इस स्थिति को बरकरार रखे जाने की उम्मीद है। भारतीय बंदरगाहों पर तुवर अच्छा स्टॉक बताया जा रहा है। यदि अगली नई फसल का स्टॉक रोकने का प्रयास नहीं हुआ तो बाजार सामान्य चाल दिखा सकता है।