तंजानिया में निर्यात परमिट के लिए एक्सचेंज के माध्यम से चना एवं तुवर की खरीद आवश्यक
08-Oct-2024 01:53 PM
डोडोमा। अफ्रीकी देश-तंजानिया में कृषि मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय - अनाज एवं अन्य उच्च विनियामक प्राधिकरण ने एक सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए कहा है कि जो व्यापारिक फर्म देश से चना तथा तुवर के शिपमेंट के लिए निर्यात परमिट हासिल करने की इच्छुक है उन्हें एक्सचेंज के माध्यम से इन दलहनों की खरीद करनी पड़ेगी।
7 अक्टूबर के प्राधिकरण द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि चना तथा अरहर (तुवर) के व्यापारिक सीजन हेतु 2023-24 के लिए जो विपणन दिशानिर्देश जारी किया गया था उसके अनुरूप तमाम व्यापारियों/निर्यातों को सूचित किया जाता है कि 2024-25 सीजन में भी वह मान्य रहेगा। इसके तहत ख़ास-खास जिंसों की खरीद कमोडिटी एक्सचेंज के माध्यम से करना आवश्यक होता है। इस बार भी इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
मार्केटिंग गाइडलाइंस (विपणन दिशानिर्देश) के तहत निर्यात परमिट इस बात की अभिपुष्टि होने पर जारी किया जाएगा कि उस उत्पाद (चना-तुवर) का कारोबार वेयरहाउसिंग रिसिप्ट सिस्टम के जरिए तंजानिया मर्केन्टाइल एक्सचेंज (टीएमएक्स) के मध्याम से किया गया है। इस आधिकारिक प्रणाली (सिस्टम) से बाहर खरीदे गये उत्पाद के लिए निर्यातकों को टीएमएक्स कमोडिटी एक्सचेंज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। वहां कम से कम 70 प्रतिशत खरीद आधिकारिक टीएमएक्स ट्रेडिंग प्लेटफार्म के अन्दर होनी चाहिए और इसके बाद ही कोपरा (सीओपीआरए) से निर्यात परमिट के लिए व्यापारी को सक्षम माना जाएगा। प्राधिकरण का यह निर्देश 7 अक्टूबर 2024 से प्रभावी हो गयी है।
