तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में ऑयल पाम का क्षेत्रफल बढ़ा

27-Oct-2025 07:48 PM

हैदराबाद। चालू वित्त वर्ष के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर अभी तक ऑयल पाम के बागानी क्षेत्र में 52,113 हेक्टेयर की बढ़ोत्तरी हो चुकी है जिसमें तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश का विशेष योगदान है।

वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अगस्त 2021 में नेशनल मिशन ऑन  एडिबल ऑयल्स- ऑयल पाम की शुरुआत हुई थी और तब से अब तक पाम बागानों के क्षेत्रफल में करीब 2.41 लाख हेक्टेयर का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पाम के बागानी क्षेत्र का कुल रकबा 6 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच गया है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि ऑयल पाम की खेती अब धीरे-धीरे जोर पकड़ती जा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में 1 अप्रैल से 22 अक्टूबर के दौरान 52,113 हेक्टेयर में पाम के नए बागान लगाए गए।

इसमें से 13,286 हेक्टेयर में नया बागान आंध्र प्रदेश लगाया गया जबकि तेलंगाना में 12,005 हेक्टेयर में नए बागान लगाए गए। इसके अलावा गोवा, छत्तीसगढ़ एवं गुजरात में भी ऑयल पाम के नए बागान लगाए गए।

आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के किसान ऑयल पाम की खेती के प्रति पहले से ही आकर्षित एवं उत्साहित हैं क्योंकि इससे उन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। इन राज्यों में पाम तेल की खपत भी बढ़ रही है।

वहां किसान अक्सर कोकोआ एवं अन्य फसलों के साथ पाम का बागान लगा देते हैं। इससे उन्हें दोहरी आमदनी प्राप्त हो जाती है। लेकिन पूर्वोत्तर राज्यों में नए बागान लगाने की गति कुछ धीमी पड़ गई है।