तेलंगाना में 70.82 लाख टन धान की सरकारी खरीद
15-Jan-2026 03:10 PM
हैदराबाद। दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख चावल उत्पादक राज्य- तेलंगाना में 2025-26 में वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान अब तक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 70.82 लाख टन धान की सरकारी खरीद हो चुकी है और इसके एवज में किसानों को 16,900 करोड़ रुपए से अधिक राशि का भुगतान भी कर दिया गया है।
तेलंगाना के नागरिक आपूर्ति मंत्री का कहना है कि राज्य में इससे पूर्व 2020-21 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में 70.20 लाख टन धान की रिकॉर्ड खरीद हुई थी जबकि 2025-26 के सीजन की खरीद उससे भी आगे निकलकर अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई।
इससे राज्य के किसानों को आकर्षक आमदनी प्राप्त हुई। धान खरीद के इतिहास में इसे एक मील का पत्थर बताते हुए नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि इस सम्पूर्ण खरीद में 38.57 लाख टन रही।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 2025-26 के सीजन में तेलंगाना में धान का उत्पादन बढ़कर 148 लाख टन के करीब पहुंच गया।
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर हुई धान की कुल कीमत 16,900 करोड़ रुपए आंकी गई है जिसमें से लगभग 16,000 करोड़ रुपए का भुगतान पहले ही कर दिया गया है और बाकि रकम का भुगतान भी जल्दी ही हो जाएगा।
ध्यान देने वाली बात है कि तेलंगाना में फाइन वैरायटी के धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊपर 500 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की गई थी
और इस मद में अभी तक किसानों को 1425 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है। धान की खरीद के लिए इस बार समूचे तेलंगाना में लगभग 8500 क्रय केन्द्र खोले गए हैं।
