तेलंगाना में बोनस की घोषणा से धान के क्षेत्रफल में अच्छी बढ़ोत्तरी
07-Oct-2024 11:32 AM
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने सुपर फाइन (ए ग्रेड) धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊपर 500 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का निर्णय लिया है। इसकी घोषणा पहले ही हो जाने से किसानों को धान का क्षेत्रफल बढ़ाने का अच्छा प्रोत्साहन मिल गया। आधिकारिक आकड़ों के अनुसार तेलंगाना में चालू खरीफ सीजन के दौरान धान का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 26.50 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो पिछले साल के रकबा 21 लाख हेक्टेयर से 5.50 लाख हेक्टेयर तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 23 लाख हेक्टेयर से 3.50 लाख हेक्टेयर अधिक है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु धान का न्यूनतम समर्थन मुकली सामान्य श्रेणी का 2300 रुपए प्रति क्विंटल तथा ए ग्रेड का 2320 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके आधार पर तेलंगाना के किसानों को इस बार सुपर फाइन धान के लिए 2820 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य हासिल होगा। राज्य सरकार ने इस अतिरिक्त बोनस के मद में 2250 से 2500 करोड़ रुपए तक का खर्च बैठने का अनुमान लगाया है लेकिन किसान संगठनों का मानना है कि वास्तविक खर्च सरकारी अनुमान के आधे से भी कम होगा। ध्यान देने की बात है कि तेलंगाना धान का एक अग्रणी उत्पादक राज्य है और केंद्रीय पपोल में भारी मात्रा में चावल का योगदान देता है।
किसान संगठनों का कहना है कि तेलंगाना में सुपर फाइन वेरायटी धान का रकबा सरकारी अनुमान से कम है और इसकी औसत उपज दर भी सामान्य श्रेणी के धान की तुलना में नीचे रहती है। तेलंगना सरकार ने इस वर्ष कुल मिलाकर 91 लाख टन धान की खरीद होने का अनुमान लगाया है जिसमें सुपरफाइन किस्म की हिस्सेदारी 45.50 लाख टन के बीच रहने की सम्भावना है। लेकिन किसान संगठनों का कहना है कि राज्य में धान के कुल उत्पादन क्षेत्र में सुपर फाइन वेरायटी की भागीदारी महज 20 प्रतिशत के आसपास रहती है और इसकी उत्पादकता भी कम होती है। सुपरफाइन धान की उपज दर 15-16 क्विंटल तथा अन्य किस्मों के धान की उपज दर करीब 20 क्विंटल रहती है।
