तेलंगाना में फाईन वैरायटी के चावल का उत्पादन बढ़ने के संकेत
16-Nov-2024 03:59 PM
हैदराबाद । तेलंगाना सरकार द्वारा फाईन वैरायटी के धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (2320 रुपए प्रति क्विंटल) से ऊपर 500 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिए जाने की घोषणा करने के बाद राज्य में इस श्रेणी के धान की खेती में किसानों ने भारी उत्साह दिखाया और मौसम तथा मानसून की हालत भी फसल के लिए काफी हद तक अनुकूल रही। इससे उत्पादन में शानदार बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।
तेलंगाना में खरीफ कालीन धान का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 65.94 लाख एकड़ से सुधर कर इस बार 66.77 लाख एकड़ पर पहुंचा जबकि इसका उत्पादन भी 146 लाख टन से बढ़कर 158 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है।
जहां तक फाईन वैरायटी के धान का सवाल है तो इसका क्षेत्रफल गत वर्ष के 25.05 लाख एकड़ से 61 प्रतिशत उछलकर 2024 में 40.44 लाख एकड़ पर पहुंचा।
धान के कुल रकबा में फाईन वैरायटी की भागीदारी 38 प्रतिशत से बढ़कर 61 प्रतिशत हो गई। पिछले साल सामान्य किस्म (गैर फाईन वैरायटी) के धान का उत्पादन क्षेत्र 40.89 लाख एकड़ रहा था जो इस वर्ष घटकर 26.33 लाख एकड़ पर सिमट गया।
चालू सीजन के दौरान नागरिक आपूर्ति विभाग ने 80 लाख टन खाद्यान्न की खरीद होने का अनुमान लगाया है और इसके लिए समूचे राज्य में 7411 क्रय केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं।
कुछ क्षेत्रों में क्रय केन्द्र सक्रिय हो चुके हैं लेकिन ऊंचे बाजार भाव के कारण किसान पहले वहां अपना माल नहीं ला रहे थे। लेकिन नवम्बर के पहले सप्ताह से इसकी खरीद की गति बढ़ने लगी।
14 नवम्बर तक राज्य में 1.41 लाख किसानों से 9.58 लाख टन खाद्यान्न खरीदा गया जिसमें 7.49 लाख टन सामान्य किस्म का धान तथा 2.09 लाख टन फाईन श्रेणी का धान शामिल था। गत वर्ष 9.35 लाख टन धान की खरीद हुई थी।
