तेलंगाना तथा झारखण्ड में धान की सरकारी खरीद पर अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा

30-Sep-2024 07:15 PM

हैदराबाद ।  रांची। दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख धान उत्पादक राज्य तेलंगाना में 2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में किसानो को धान पर 500 रूपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा करते हुए

राज्य सरकार ने इसके लिए 2500 रुपए करोड़ की राशि आवंटित की है उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने चालू सीजन के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सामान्य श्रेणी के लिए 2300 रूपए प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड (सुपर फाइन) के लिए 2320 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

तेलंगाना में इस वर्ष 154 लाख टन धान के उत्पादन का अनुमान लगते हुए 80 लाख टन की सरकारी खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राज्य सरकार के अनुमान के मुताबिक किसानो को इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य के आलावा धान के लिए प्रति एकड़ करीब 10 हजार रूपए का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा।

वहां 80 लाख टन धान की कुल खरीद के लक्ष्य में 50 लाख टन सुपरफाइन श्रेणी (ए ग्रेड) का उत्पाद शामिल होगा। जिसके लिए किसानो 2820 रूपए प्रति क्विंटल की दर से मूल्य प्राप्त होगा।

उल्लेखनीय है कि तेलंगाना सरकार को विभिन्न पदों में वितरण के लिए करीब 36 लाख टन सुपर फाइन चावल की वार्षिक आवश्यकता पड़ेगी। आम लोगो को वहां अच्छी क्वालिटी का चावल उपलब्ध करवाया जाएगा।

इधर झारखंड सरकार ने भी धान की खरीद पर 100 रूपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की है जिससे किसानो को सामान श्रेणी के धान का लिए 2400 रूपए प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड धान के लिए 2420 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य प्राप्त होगा।

इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 60 करोड़ रूपए  की राशि का प्रावधान किया गया है। झारखण्ड में इस बार 6 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि तेलंगाना केंद्रीय पूल में धान-चावल का योगदान देने वाला एक अग्रणी राज्य है। वहां लगभग 44 लाख एकड़ में धान की खेती होती है और इसकी औसत उपज दर 20 क्विंटल प्रति एकड़ के करीब रहती है।

इधर झारखण्ड में मानसून की वर्षा कम होने से इस बार धान के क्षेत्रफल में कुछ गिरावट आई है। इससे उत्पादन घटने की संभावना है।