तीन प्रमुख बंदरगाहों पर दलहनों के स्टॉक में कमी

14-Oct-2025 06:07 PM

अहमदाबाद। पश्चिमी प्रान्त- गुजरात के कांडला- मूंदड़ा तथा हजीरा बंदरगाह पर पीली मटर, लाल मसूर एवं देसी चना का स्टॉक कुछ घट गया है। 23 सितम्बर को इन दलहनों का कुल स्टॉक 6,89,624 टन था जो 6 अक्टूबर को गिरकर 6,30,897 टन रह गया।

इसके तहत पीली मटर का स्टॉक 3,27,271 टन से घटकर 2,96,399 टन, लाल मसूर का स्टॉक 77,756 टन से फिसलकर 70,962 टन तथा देसी चना का स्टॉक 2,84,507 टन से गिरकर 1,63,536 टन पर आ गया।

भारत में पीली मटर का आयात मुख्यतः कनाडा तथा रूस से, लाल मसूर का आयात कनाडा एवं ऑस्टेलिया से तथा देसी चना का आयात ऑस्ट्रेलिया एवं अफ्रीका से होता है।

मसूर और चना पर 10-10 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू है जबकि पीली मटर के आयात को 31 मार्च 2026 तक के लिए शुल्क मुक्त कर दिया गया है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मूंदड़ा बंदरगाह पर 23 सितम्बर के मुकाबले 6 अक्टूबर को उपरोक्त दलहनों का स्टॉक 2,63,781 टन से घटकर 2,29,604 टन पर आ गया।

इसके अंतर्गत पीली मटर का स्टॉक 1,17,693 टन से घटकर 1,00,245 टन, लाल मसूर का स्टॉक 25,327 टन से गिरकर 21,405 टन तथा देसी चना का स्टॉक 1,20,761 टन से फिसलकर 1,07,954 टन रह गया। 

इसी तरह कांडला बंदरगाह पर इन तीनों दलहनों का कुल स्टॉक 3,53,279 टन से घटकर 3,33,950 टन रह गया। इसके तहत पीली मटर का स्टॉक 1,44,474 टन से घटकर 1,35,809 टन, लाल मसूर का स्टॉक 44,970 टन से फिसलकर 42,559 टन तथा देसी चना का स्टॉक 1,63,836 टन से गिरकर 1,55,582 टन पर अटक गया। 

हजीरा बंदरगाह पर देसी चना का स्टॉक नहीं है जबकि पीली मटर एवं लाल मसूर का स्टॉक 72,563 टन से घटकर 67,343  टन रह गया। इसके तहत पीली मटर का स्टॉक 65,104 टन से गिरकर 60,345 टन तथा लाल मसूर का स्टॉक 7460 टन से फिसलकर 6998 टन पर आ गया। 

इससे पूर्व इन दलहनों का तीनों बंदरगाहों पर कुल स्टॉक 15 सितम्बर को 6,96,735 टन तथा 1 सितम्बर को 7,51,773 टन  टन दर्ज किया गया था। आयात की प्रक्रिया अभी जारी है।