दक्षिणी राज्यों में अगले तीन दिनों के दौरान जोरदार बारिश का अनुमान

05-Aug-2026 05:46 PM

नई दिल्ली। अल नीनो मौसम चक्र के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून का संघर्ष जारी है। मानसूनी हवाओं की तीव्रता, गतिशीलता एवं सघनता में बढ़ोत्तरी होने तथा पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर एक शक्तिशाली मौसम तंत्र का निर्माण होने से भारत के कई भागों में तेज हवा के प्रवाह (आंधी-तूफान) के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना बन रही है। वैसे अल नीनो मौसम चक्र भी लगातार मजबूत होता जा रहा है जिससे आगामी सप्ताहों के दौरान देश के मध्यवर्ती, पश्चिमी तथा दक्षिणी राज्यों में मानसून काफी हद तक निष्क्रिय रह सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगाह किया है कि अगले सात दिनों के दौरान अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर 50-60 कि०मी० प्रति घंटे की तेज हवा के साथ गरज-चमक वाली बारिश हो सकती है विकराल वायु का यह स्वरूप मजबूत सतही हवा के साथ मिल सकता है जिससे देश के पश्चिमी तट तथा आंतरिक प्रायद्वीपीय क्षेत्र में नियमित रूप से बारिश हो सकती है। 

दक्षिणी चीन सागर के ऊपर फिलिपींस के निकट 'वुजीरा' नामक डिप्रेशन तथा पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर श्रेणी-3 वाले तूफान 'डॉल्फिन' का निर्माण हो रहा है जिसके साथ बंगाल की खाड़ी के ऊपर चलने वाली चक्रवाती हवा का सम्पर्क हो सकता है।

इससे मानसून को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मानसून की इस मजबूत धारा के परिणामस्वरूप उत्तर पूर्व बिहार, मध्यवर्ती आसाम, पूर्वोत्तर बांग्ला देश एवं दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का निर्माण हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु एवं पांडीचेरी में मूसलाधार बारिश हो सकती है।