दलहन रबी बुवाई: चना, मसूर और मटर की बुवाई अंतिम चरण में

29-Dec-2025 07:28 PM

रबी दलहनों की बुवाई को लेकर अब स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है और कहा जा सकता है कि चना, मसूर और मटर की बुवाई लगभग पूर्णता की ओर है। हाल के सरकारी आंकड़ों से संकेत मिलता है कि इन फसलों में अब बड़े बदलाव की गुंजाइश कम बची है।

आंकड़ों के अनुसार, चना की चालू रबी सीजन 2025-26 में अब तक बुवाई 95.88 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 91.22 लाख हेक्टेयर थी। यह दर्शाता है कि चना बुवाई अब अपने अंतिम चरण में है और रकबे में स्पष्ट बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मसूर की चालू सीजन में अब तक बुवाई 17.06 लाख हेक्टेयर दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 16.85 लाख हेक्टेयर से मामूली अधिक है। मसूर की बुवाई भी अब लगभग पूरी मानी जा रही है।

वहीं मटर की बुवाई 7.92 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी समय यह 8.27 लाख हेक्टेयर थी। मटर में बुवाई का कार्य भी लगभग समाप्ति के करीब बताया जा रहा है।

कुल मिलाकर, दलहन वर्ग में शुरुआती तेजी के बाद अब बुवाई की रफ्तार थमती दिखाई दे रही है, जो इस बात का संकेत है कि रबी दलहनों का रकबा अब लगभग तय हो चुका है। आगे चलकर उत्पादन का आकलन मौसम और फसल की बढ़वार पर अधिक निर्भर करेगा।