दूसरे वर्ष भी घटेगी लालमिर्च की बिजाई
17-Jul-2025 06:48 PM
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पश्चात अब आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में भी लालमिर्च की बिजाई घटने के समाचार मिल रहे हैं। मध्य प्रदेश में लालमिर्च बिजाई का कार्य पूरा हो चुका है और बिजाई गत वर्ष की तुलना में 20/25 प्रतिशत कम रही है। मध्य प्रदेश की मंडियों में नए मालों की आवक अक्टूबर-नवम्बर माह में होगी। आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में भी लालमिर्च की बिजाई घटने के समाचार है आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में लालमिर्च की बिजाई का कार्य शुरू हो गया है लेकिन अभी तक बारिश की कमी एवं उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण बिजाई क्षेत्रफल 30/35 प्रतिशत की कमी आने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में नए मालों की आवक जनवरी-फरवरी माह में शुरू होगी।
कीमतों में तेजी
निर्यातकों एवं लोकल मांग अच्छी होने के कारण चालू माह के दौरान अभी तक लालमिर्च तेजा की कीमतों में 9/10 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। वर्तमान में गुंटूर मंडी में तेजा का भाव बढ़कर 140 रुपए एवं खम्मम में भाव 141 रुपए प्रति किलो बोला जाने लगा है। वर्तमान में अधिकांश व्यापार कोल्ड के मालों का हो रहा है। बांग्ला देश चीन एवं मलेशिया की लिवाली अच्छी है। जिस कारण से अभी कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है।
घटेगा उत्पादन
उत्पादक केन्द्रों पर बिजाई घटने के कारण दूसरे वर्ष भी लालमिर्च की पैदावार कम रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में मध्य प्रदेश में लालमिर्च का उत्पादन 42/44 लाख बोरी का रहा था। जोकि 2025 में घटकर 38/40 लाख बोरी का रह गया। आंध्र प्रदेश में भी वर्ष 2024 के दौरान लालमिर्च की पैदावार 2 करोड़ बोरी के आसपास रही थी जोकि वर्ष 2025 में घटकर 1.50 करोड़ बोरी की रह गई। तेलंगाना में भी वर्ष 2024 के दौरान लालमिर्च की पैदावार 75/80 लाख बोरी की मानी गई थी जोकि 2025 में 60/65 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए जा रहे थे। कमजोर बिजाई के समाचारों से संभावना व्यक्त की जा रही है कि वर्ष 2026 में भी लालमिर्च का उत्पादन कम रहेगा।
स्टॉक
लालमिर्च की प्रमुख मंडी गुंटूर में लालमिर्च का स्टॉक 55/58 लाख बोरी माना जा रहा है जबकि आंध्र प्रदेश की मंडियों में स्टॉक 80/82 लाख बोरी के अनुमान है। इसके अलावा तेलंगाना की खम्मम एवं वारंगल मंडी में स्टॉक 40/42 लाख बोरी होने के समाचार है।
रिकॉर्ड निर्यात
गत सीजन में भाव कम रहने के कारण वर्ष 2024-25 में लालमिर्च का रिकॉर्ड निर्यात किया गया। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 2024-25 में लालमिर्च का निर्यात 715506 टन का किया गया। जबकि निर्यात से प्राप्त आय 11404.90 करोड़ की रही। जबकि वर्ष 2023-24 के दौरान निर्यात 601084 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 12492.48 करोड़ की रही। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वर्ष 2020-21 के दौरान लालमिर्च का सर्वाधिक निर्यात 649815 टन का हुआ था।
