उम्मीद के अनुरूप अक्टूबर के लिए चीनी के फ्री सेल कोटे में पिछले साल के मुकाबले 2 लाख टन की बढ़ोत्तरी
27-Sep-2024 08:34 PM
नई दिल्ली । केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने अक्टूबर 2024 के लिए 25.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री (फ्री सेल) का कोटा निर्धारित करने का निर्णय लिया है जो सितम्बर 2023 के लिए घोषित 23.50 लाख टन के कोटे से 2 लाख टन, अगस्त के कोटे 22 लाख टन से 3.50 लाख टन तथा जुलाई के लिए नियत कोटे 24 लाख टन से 1.50 लाख टन गया है।
अक्टूबर का महीना पर्व-त्यौहारी का पीक समय माना जाता है इसलिए इसमें चीनी की मांग एवं खपत अधिक होती है।
इसे देखते हुए चीनी का फ्री सेल कोटा बड़ा होने का अनुमान पहले से ही लगाया जा रहा था। केन्द्रीय खाद्य सचिव का कहना है कि सरकारी नीतियों एवं हस्तक्षेप की वजह से चीनी का बाजार भाव काफी हद तक स्थिर बना हुआ है।
ऐसा लगता है कि सरकार कम से कम त्यौहारी सीजन में चीनी के दाम में तेजी को नियंत्रित करने का हर संभव प्रयास करेगी।
अक्टूबर माह के लिए 25.50 लाख टन चीनी का कोटा पर्याप्त साबित होगा और इसलिए थोड़े-बहुत उतार-चढ़ाव के साथ बाजार में स्थिरता का माहौल बरकरार रह सकता है।
अक्टूबर से ही गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ होगा। स्वदेशी उद्योग के पास चीनी का विशाल अधिशेष स्टॉक मौजूद है इसलिए घरेलू प्रभाग में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की कोई समस्या नहीं है।
यदि सरकार ने चीनी का एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ाने की घोषणा की तो बाजार पर आंशिक रूप से सकारात्मक मनोवैज्ञानिक असर पड़ सकता है अन्यथा चीनी के दाम में भारी उछाल आना मुश्किल है।
