उम्मीद के अनुरूप जनवरी के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित
26-Dec-2025 09:25 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में अवस्थित चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने जनवरी 2026 में घरेलू बिक्री के लिए कुल 22 लाख टन चीनी का कोटा नियत किया है जिसका अनुमान पहले से ही लगाया जा रहा था। यह मात्रा दिसम्बर 2025 के लिए निर्धारित कोटे बराबर ही है।
जनवरी में उत्तरी भारत में मकर संक्रांति एवं दक्षिण भारत में पोंगल का त्यौहार काफी धूमधाम से मनाया जाएगा और उस समय चीनी की मांग तथा खपत बढ़ने पर कीमतों में कुछ सुधार आ सकता है।
लेकिन ठंड का मौसम रहने से इसकी औद्योगिक मांग कमजोर रहने की संभावना है। गुड़ का बढ़ता उपयोग भी चीनी की खपत को आंशिक रूप से प्रभावित कर सकता है। 22 लाख टन चीनी का कोटा जनवरी माह के लिए पर्याप्त माना जा रहा है और इससे इसकी मांग तथा आपूर्ति के बीच बेहतर संतुलन बनने की उम्मीद है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार यह देखना जरुरी होगा कि दिसम्बर माह के लिए नियत 22 लाख टन के कोटे की पूरी चीनी बिकती है या नहीं। जनवरी में चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में भारी उतार-चढ़ाव आने के आसार नहीं है।
आमतौर पर कीमतों में सीमित तेजी-मंदी के साथ स्थिरता का माहौल रह सकता है लेकिन पर्व-त्योहार के समय कीमतों में कुछ बढ़ोत्तरी हो सकती है। जनवरी में ही लग्नसरा का सीजन दोबारा शुरू होगा। जिसमें चीनी की मांग बढ़ने की उम्मीद रहेगी।
चीनी का एक्स फैक्टरी बिक्री मूल्य महाराष्ट्र में पहले ही घटकर नीचे आ चुका है जिससे मिलर्स की कठिनाई बढ़ रही है। गन्ना की क्रशिंग जोर शोर से जारी है और वहां चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी हो रही है। महाराष्ट्र के मिलर्स को गन्ना किसानों के बकाया भुगतान करने में आगे भारी कठिनाई हो सकती है।
