उत्पादन में भारी गिरावट आने से मैक्सिको में काबुली चना का भाव तेज
30-Sep-2024 08:35 PM
लास वेगास । मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण उत्पादन में भारी गिरावट आने से मैक्सिको में एक तरफ सूखी खाद्य बीन्स का आयात अमरीका एवं कनाडा सहित अन्य देशों से तेजी से बढ़ रहा है तो दूसरी ओर वहां से काबुली चना का निर्यात प्रभावित हो रहा है और इसका दाम उछलकर अत्यंत ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। मालूम हो कि मैक्सिको में उच्च क्वालिटी के काबुली चना का उत्पादन होता है।
उत्तरी अमरीका महाद्वीप में स्थित मैक्सिको में 11 मि०मी० आकार के दाना वाले काबुली चना का औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में अब तक 1675 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया
जो 2023-24 सीजन के समानअवधि के औसत मूल्य 1450 डॉलर प्रति टन से काफी ऊंचा रहा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में मई से सितम्बर के बीच वहां इस क्वालिटी के काबुली चना का औसत निर्यात मूल्य 2050 डॉलर प्रति तो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक मैसिको में 9 से 11 मि०मी० दाने वाले काबुली चना का निर्यात ऑफर मूल्य ऊंचा होने का एक ख़ास कारण यह है कि भारत से काबुली चना का निर्यात घट गया है। वर्ष 2024 की पहली छमाही के दौरान भारत से 98,300 टन काबुली चना का निर्यात हुआ
जो वर्ष 2023 की समानअवधि के शिपमेंट 1.29 लाख टन से कम मगर पंचवर्षीय औसत निर्यात 76,700 टन से अधिक रहा। समझा जाता है कि इस बार रबी सीजन में घरेलू उत्पादन कम होने से भारतीय निर्यात में गिरावट आई है।
सरकारी आकड़ों के अनुसार भारत में चना (काबुली सहित) का कुल उत्पादन 122.7 लाख टन से घटकर 110.4 लाख टन पर अटक गया। हालाँकि भारत में देसी चना तथा काबुली चना का उत्पादन आकड़ा अलग-अलग जारी नहीं किया जाता है
मगर कमजोर निर्यात प्रदर्शन से पता चलता है कि काबुली चना के उत्पादन में भी गिरावट आई है। भारत में चना का उत्पादन बढ़ाने पर तो जोर दिया जा रह है लेकिन निर्यात उद्देश्य के लिए काबुली चना के उत्पादन में कोई ख़ास बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है।
रूस अब छोटे दाने वाले काबुली चना के वैश्विक निर्यात बाजार में एक ताकतवर प्रतिद्वंद्वी के रूप में तेजी से उभर रहा है। भारतीय उप महाद्वीप में शिपमेंट के लिए 7 मि०मी० वाले रुसी काबुली चना का ऑफर मूल्य अत्यंत प्रतिस्पर्धी स्तर पर आ गया है जिससे इस क्षेत्र में कनाडा के काबुली चना की मांग सीमित रहने की सम्भावना है।
उदाहरण स्वरुप वर्ष 2023 में जनवरी से नवम्बर के 11 महीनों के दौरान पाकिस्तान ने कनाडा से महज 17,300 टन काबुली चना मंगाया जबकि रूस से 1.37 लाख टन का विशाल आयात कर लिया। वहां ऑस्ट्रेलिया से देसी चना का भी भारी आयात होता है।
