उत्तर प्रदेश में औपचारिक स्वीकृति के बाद मोटे अनाजों की सरकारी खरीद शुरू
03-Oct-2024 01:45 PM
लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मक्का, ज्वार एवं बाजरा की खरीद के लिए औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है और इसके बाद वहां 1 अक्टूबर से इसकी खरीद की प्रक्रिया आरंभ हो गई जो 31 दिसम्बर 2024 तक जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2024-25 सीजन के लिए मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2225 रुपए प्रति क्विंटल, बाजरा का 2625 रुपए प्रति क्विंटल तथा ज्वार का 3371 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में मक्का की खरीद की जाएगी जिसमें बुलंदशहर, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ, एटा, कासगंज, कानपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, फर्रूखाबाद, इटावा, बहराइच, बलिया, मिर्जापुर,
सोनभद्र तथा ललितपुर शामिल हैं। इसी तरह 32 जिलों में बाजार तथा 11 जिलों में ज्वार की खरीद करने का निर्णय लिया गया है।
समूचे प्रदेश में मक्का के लिए 60, ज्वार के लिए 70 तथा बाजरा के लिए 275 सरकारी खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार ने इस वर्ष 15 हजार टन मक्का 20 हजार टन ज्वार तथा 2.20 लाख टन बाजरा की खरीद करने का लक्ष्य रखा है। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन के दौरान बाजरा का उत्पादन बढ़े पैमाने पर होता है।
बाजरा की खरीद बुलंदशहर, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर, सम्भल, अमरोहा, अलीगढ, एटा, कासगंज, हाथरस, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, हरदोई,
उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मिर्जापुर, जालौन, चित्रकूट, प्रयागराज, कोशाम्बी तथा फतेहपुर जैसे जिलों में की जाएगी।
