2025-26 सीजन के लिए 36.25 करोड़ टन खाद्यान्न का उत्पादन लक्ष्य निर्धारित
16-Sep-2025 08:25 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा है कि राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन- रबी अभियान - 2025 में 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के लिए कुल 36.25 करोड़ टन खाद्यान्न के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें चावल, गेहूं, दलहन एवं मोटे अनाज सम्मिलित है।
कृषि मंत्री के अनुसार 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (खरीफ, रबी एवं जायद) के दौरान देश में खाद्यान्न का सकल उत्पादन बढ़कर 35.396 करोड़ टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जो नियत लक्ष्य 34.155 करोड़ टन से 124.10 लाख टन तथा 2023-24 सीजन के सकल उत्पादन से 216.60 लाख टन या 6.5 प्रतिशत अधिक रहा।
दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मलेन- रबी अभियान 2025 के पहले दिन यानी 15 सितम्बर को छह विषयों पर अलग-अलग समूहों में केन्द्र और राज्यों के वरिष्ठ कृषि अधिकारियों द्वारा गहन विचार-विमर्श किया गया और अब विभिन्न राज्यों में कार्यशाला आयोजित करके वहां कृषि क्षेत्र के विकास का रोडमैप तैयारी किया जाएगा।
कृषि सम्मेलन में मौसम एवं जलवायु सहनशीलता, अच्छी क्वालिटी के बीज, उर्वरक एवं कीटनाशी रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता, प्राकृतिक खेती, बागवानी, प्रभावी प्रसार सेवाएं तथा कृषि विज्ञान केन्द्रों की भूमिका और केन्द्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं का समन्वय जैसे छह मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ-साथ देश में दलहन-तिलहन फसलों की उपज दर बढ़ाने के उपायों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
कृषि मंत्री के मुताबिक आगामी रबी सीजन में विभिन्न फसलों की खेती के लिए 229 लाख टन बीज की आवश्यकता पड़ेगी जबकि देश में इससे काफी अधिक करीब 250 लाख टन बीज का स्टॉक उपलब्ध है।
इसके साथ-साथ खाद एवं रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और राज्यों की मांग के अनुरूप उर्वरक का स्टॉक दिया जाएगा।
