आईवीपीए का चौथा ग्लोबल राउंड टेबल कांफ्रेंस 24-25 जुलाई को दिल्ली में

26-May-2025 06:16 PM

नई दिल्ली। स्वदेशी खाद्य तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक अग्रणी संगठन- इंडियन वेजिटेबल ऑयल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईवीपीए) द्वारा आगामी 24-25 जुलाई 2025 को नई दिल्ली स्थित होटल जे डब्ल्यू मैरियट में चौथा ग्लोबल राउंड टेबल कांफ्रेंस (वैश्विक गोल मेज सम्मेलन) आयोजित किया जा रहा है जिसमें देश-विदेश के अनेक दिग्गज तथा अनुभवी विशेषज्ञ-विश्लेषक भी उपस्थित रहने वाले हैं।

एसोसिएशन द्वारा इससे पूर्व गोल मेज सम्मेलन के तीन संस्करणों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है जो इसमें भाग लेने वाले सभी पक्षों के लिए अत्यन्त उपयोगी, लाभदायक और प्रेरक साबित हुआ। चतुर्थ संस्करण और भी भव्य एवं शानदार होने वाला है। 

आईवीपीए का यह गोल्डन जुबली वर्ष है। पिछले पांच दशकों से यह एसोसिएशन स्वदेशी वनस्पति तेल  उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र में होने वाले तमाम बदलावों का साक्षी रहा है और इस उद्योग तथा राष्ट्रीय अर्थ व्यवस्था के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देता रहा है। चालू वर्ष के आयोजन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिनिधियों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। 

आई ग्रेन इंडिया इस आयोजन में मीडिया पार्टनर के तौर पर सक्रिय भूमिका निभाएगा जो स्वयं ही एग्री कॉमोडिटी मार्केट का एक अग्रणी रिसर्च प्रतिष्ठान है। इस ग्लोबल राउंड टेबल- 4 कांफ्रेंस का आयोजन ऐसे समय में होगा जब देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने पीक की और बढ़ रहा होगा और खरीफ कालीन तिलहन फसलों की जोरदार बिजाई चल रही होगी।

जुलाई के अंतिम सप्ताह तक सोयाबीन एवं मूंगफली सहित अन्य तिलहनों के बिजाई क्षेत्र की मोटी तस्वीर तब तक सामने आ जाएगी और तिलहन-तेल के उत्पादन तथा कारोबार की स्थिति का आंकलन करना आसान हो जाएगा। इससे खाद्य तेल-तिलहन क्षेत्र क उद्यमियों एवं व्यापारियों को नई रणनीति बनाने का ठोस आधार प्राप्त हो सकता है।