आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने से वैश्विक दलहन बाजार में नरमी
12-Sep-2025 06:15 PM
मुम्बई। दुनिया के प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों में चालू वर्ष के दौरान दलहनों के बेहतर उत्पादन होने से वैश्विक बाजार में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है जबकि अग्रणी आयातक देशों में मांग कमजोर रहने से निर्यातक देशों के बीच प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है।
अपने विशाल स्टॉक को घटाने के लिए निर्यातक देशों को दाम घटाकर बिक्री बढ़ाने का प्रयास करना पड़ रहा है। रूस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका एवं म्यांमार आदि में दलहनों की अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
कनाडा में मसूर का उत्पादन बढ़कर इस वर्ष 24.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जिसमें 14.00-14.50 लाख टन लाल मसूर एवं 11.50-12.00 लाख टन हरी मसूर का संभावित उत्पादन शामिल है।
हरी मसूर का उत्पादन 60 प्रतिशत बढ़ने के आसार हैं। कनाडा में मसूर का पिछला बकाया स्टॉक भी बढ़ा है जिससे इसकी कुल उपलब्धता और भी बढ़ जाएगी। वहां मसूर फसल की कटाई-तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है और चालू माह के अंत तक समाप्त हो सकती है।
उधर ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन बढ़कर 17.10 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जबकि देसी चना का उत्पादन 21 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जो अब तक का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर होगा।
इसके साथ-साथ वहां 2.20 लाख टन मटर की पैदावार होने की उम्मीद है। रूस-यूक्रेन से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण कनाडा को अपनी पीली मटर के निर्यात ऑफर मूल्य में जोरदार कटौती करने के लिए विवश होना पड़ा है जबकि ऑस्ट्रेलिया में विशाल संभावित उत्पादन में मसूर के वैश्विक बाजार मूल्य पर दबाव बढ़ गया है।
इसी तरह अफ्रीकी देशों में तुवर के नए माल का निर्यात ऑफर मूल्य काफी घट जाने से म्यांमार को भी अपने उत्पाद का दाम घटाना पड़ रहा है जबकि ब्राजील की वजह से उड़द की कीमतों में नरमी आने के संकेत मिल रहे हैं।
अक्टूबर डिलीवरी के लिए म्यांमार में उच्च क्वालिटी की उड़द का निर्यात ऑफर मूल्य 860 डॉलर प्रति टन तथा ब्राजील में 8.75 डॉलर प्रति टन चल रहा है।
ऑस्ट्रेलिया में देसी चना 550 डॉलर प्रति टन, कनाडा में हरी मसूर का ऑफर मूल्य 615 डॉलर प्रति टन, मलावी में तुवर का ऑफर मूल्य 520 डॉलर प्रति टन और मोजाम्बिक में 535 डॉलर प्रति टन पर आ गया है।
