आंधी-वर्षा से गेहूं की फसल क्षतिग्रस्त

08-Apr-2026 01:54 PM

नई दिल्ली। तेज हवा का प्रवाह एवं बेमौसमी वर्षा का प्रकोप जारी रहने से उत्तरी एवं पश्चिमोत्तर राज्यों में गेहूं की फसल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिल रही है।

इस प्राकृतिक आपदा से खेतों में खड़े गेहूं की उस फसल को ज्यादा नुकसान होने की आशंका है जिसके दाने परिपक्व हो गए थे और जो फसल कटाई के लिए तैयार हो गई थी। 

जिन प्रमुख गेहूं उत्पादक प्रांतों में आंधी-वर्षा का ज्यादा प्रकोप देखा जा रहा है उसमें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश आदि शामिल हैं।

इन राज्यों में गेहूं की कटाई-तैयारी में पहले ही काफी देर हो चुकी है जिससे मंडियों में एवं सरकारी क्रय केन्द्रों पर इसकी आवक बहुत कम हो रही है। केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद की गति भी बहुत धीमी है।

आंधी-वर्षा का दौर समाप्त नहीं हुआ है इसलिए गेहूं की फसल पर खतरा बरकरार है। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक इसका प्रकोप जारी रहने की संभावना व्यक्त की है जिससे किसानों और सरकार की चिंता बढ़ गई है। गेहूं के दाने की क्वालिटी प्रभावित हो रही है और उसकी चमक पीली पड़ती जा रही है। कटाई में बाधा भी पड़ रही है।