चीनी का घरेलू उत्पादन पिछले सीजन से कुछ बेहतर

08-Apr-2026 01:19 PM

नई दिल्ली। प्राइवेट चीनी मिलों की शीर्ष संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने 2025-26 सीजन के लिए चीनी के अपने उत्पादन अनुमान में भारी कटौती करते हुए अब इसे 272.31 लाख टन निर्धारित किया है जो घरेलू मांग एवं खपत से भी कम है। वैसे यह उत्पादन 2024-25 सीजन की तुलना में कुछ ज्यादा है।  

इस्मा के अनुसार 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में घटकर 87.50 लाख टन पर सिमटने की संभावना है जबकि महाराष्ट्र में यह उछलकर 99.30 लाख टन तथा कर्नाटक में बढ़कर 47.90 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।

इसके अलावा गुजरात एवं तमिलनाडु सहित देश के अन्य राज्यों में संयुक्त रूप से 37.91 लाख टन चीनी का उत्पादन हो सकता है। इसमें बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, तेलगाना एवं राजस्थान जैसे प्रान्त भी शामिल हैं। देश में अधिकांश चीनी मिलें पहले ही बंद हो चुकी हैं।

इस्मा के महानिदेशक का कहना है कि 2024-25 सीजन के दौरान करीब 281 लाख टन चीनी की घरेलू खपत हुई थी जो 2025-26 के वर्तमान सीजन में घटकर 277 लाख टन पर सिमट सकती है।