अगस्त के दूसरे हाफ में ब्राजील में 38.70 लाख टन चीनी का उत्पादन
18-Sep-2025 08:26 PM
साओ पाउलो। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में चीनी का उत्पादन सुधरने लगा है। शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका की रिपोर्ट के अनुसार देश से सबसे प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्र- मध्य दक्षिणी भाग में पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के अगस्त माह के दूसरे पखवाड़े (हाफ) में चीनी का उत्पादन 18.21 प्रतिशत उछलकर 38.70 लाख टन पर पहुंच गया। इससे स्पष्ट संकेत मिलता मिलता है कि मिलर्स एथनॉल के बजाए चीनी के निर्माण में गन्ना की अधिक मात्रा का उपयोग कर रहे हैं।
यूनिका की रिपोर्ट में कहा गया है कि 16 से 31 अगस्त 2025 के दौरान मध्य दक्षिणी क्षेत्र में कुल 500.60 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 10.68 प्रतिशत अधिक रही लेकिन समीक्षाधीन अवधि में गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में 3.84 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह गत वर्ष के 15.58 प्रतिशत से घटकर इस बार 14.98 प्रतिशत रह गई।
यूनिका के मुताबिक पिछले साल अगस्त के दूसरे पखवाड़े के दौरान एक टन (1000 किलो) गन्ना की क्रशिंग से 155.82 किलो चीनी का उत्पादन हुआ मगर चालू वर्ष की समान अवधि में केवल 149.79 किलो चीनी ही प्राप्त हो सकी।
चालू मार्केटिंग सीजन में गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में अब तक 4.16 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है और यह घटकर 131.76 किलो प्रति टन रह गई।
अगस्त के दूसरे हाफ में एथनॉल का कुल उत्पादन 2.42 अरब लीटर पर पहुंचा जिसमें गन्ना के साथ-साथ मक्का से निर्मित एथनॉल भी शामिल था। ज्ञात हो कि ब्राजील में करीब 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में होता है और साओ पाउलो इसका सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है।
