अगस्त में पाम तेल का आयात 27 प्रतिशत घटने का अनुमान
04-Sep-2024 01:02 PM
मुम्बई । उद्योग-व्यापार समीक्षकों ने अगस्त माह के दौरान देश में पाम तेल का आयात 27 प्रतिशत घटने का अनुमान लगाया है क्योंकि इसका वैश्विक बाजार भाव ऊंचा रहने से इसकी मांग कमजोर पड़ गई।
जानकारों के अनुसार दुनिया में खाद्य तेलों के सबसे प्रमुख आयातक देश-भारत में आयात घटने से दोनों प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों- इंडोनेशिया-मलेशिया में पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़ेगा और इसके बेंचमार्क वायदा मूल्य में नरमी आएगी।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार जुलाई में पाम तेल का अत्यन्त विशाल आयात हुआ था जिसका पर्याप्त स्टॉक अगस्त में भी मौजूद रहा इसलिए जब निर्यातक देशों में इसका भाव तेज हो गया तब भारतीय आयातकों ने उसकी खरीद में दिलचस्पी घटा दी।
रिफाइनर्स को क्रूड पाम तेल के आयात पर ऋणात्मक मार्जिन की आशंका थी। एक अग्रणी विश्लेषकों के मुताबिक जुलाई में घरेलू मांग एवं जरूरत से काफी अधिक मात्रा में पाम तेल मंगाया गया था इसलिए रिफाइनर्स को अगस्त में इसका आयात घटना पड़ा।
डीलर्स के मुताबिक अगस्त में पाम तेल का कुल आयात घटकर 7.91 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है। कीमतों में तेजी आने से पाम तेल भी सोयाबीन तेल की भांति महंगा हो गया। आमतौर पर पाम तेल का भाव सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल से नीचे रहता है।
लेकिन वर्तमान समय में सितम्बर शिपमेंट के लिए इन खाद्य तेलों एवं सूरजमुखी तेल से नीचे रहता है। लेकिन वर्तमान समय में सितम्बर शिपमेंट के लिए इन खाद्य तेलों का निर्यात ऑफर मूल्य लगभग बराबर चल रहा है। इससे प्रतीत होता है कि चालू माह के दौरान भी पाम तेल के आयात में कोई खास वृद्धि नहीं होगी।
दूसरी ओर जुलाई के मुकाबले अगस्त माह के दौरान सोयाबीन तेल का आयात 16 प्रतिशत बढ़कर 4.56 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है जो करीब दो वर्षों का उच्चतम स्तर है।
लेकिन सूरजमुखी तेल का आयात 21 प्रतिशत की गिरावट के साथ अगस्त में 2.88 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है। दरअसल अगस्त में सरसों तेल के घरेलू बाजार भाव में करीब 8 प्रतिशत का इजाफा हो गया।
इससे कुछ रिफाइनर्स को सरसों तेल में सोयाबीन तेल की मिलावट करने में सहायता मिली और इसलिए सोया तेल का आयात बढ़ गया।
वनस्पति तेल उद्योग की एक अग्रणी संस्था- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा मध्य सितम्बर में अपनी मासिक रिपोर्ट जारी किए जाने की संभावना है।
