अल नीनो की आशंका के बावजूद खरीफ फसलों का उत्पादन लक्ष्य ऊंचा

17-Jun-2026 12:06 PM

नई दिल्ली। हालांकि अल नीनो मौसम चक्र की आशंका को देखते हुए इस बार मानसून सीजन के दौरान देश में दीर्घकालीन औसत के सापेक्ष महज 90 प्रतिशत बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है

लेकिन इसके बावजूद केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने मौजूदा खरीफ सीजन के लिए खाद्यान्न के उत्पादन का लक्ष्य बढ़ाकर 1761.60 लाख टन निर्धारित किया है जो 2025-26 के कुल वास्तविक (संशोधित) उत्पादन 1760.40 लाख टन से कुछ अधिक है।

2026-27 के खरीफ कालीन खाद्यान्न के उत्पाद लक्ष्य में 1231.50 लाख टन चावल, 84 लाख टन दलहन, 310.40 लाख टन मक्का एवं 135.60 लाख टन पोषक अनाज (ज्वार, बाजरा, रागी आदि) का उत्पादन शामिल है। इसके अलावा 289.20 लाख टन तिलहनों के उत्पादन का लक्ष्य भी नियत किया। 

 मानसून की चाल अभी धीमी है और खरीफ फसलों की बिजाई गत वर्ष से पीछे चल रही है। मानसून के कमजोर रहने पर खासकर चावल एवं मक्का का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। दलहनों एवं तिलहनों की पैदावार बढ़ाने की कोशिश तो हो रही है मगर कम से कम चालू खरीफ सीजन में इसमें ज्यादा सफलता मिलने में संदेह है।