अल नीनो के प्रभाव का सामना करने के लिए सरकार की जोरदार तैयारी जारी
15-Jun-2026 03:40 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने दावा किया है कि देश में उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और अल नीनो मौसम चक्र के संभावित प्रभाव का सामना करने के लिए सभी आवश्यक तैयारी की जा रही है। सरकारी गोदामों में खाद्यान्न का विशाल स्टॉक मौजूद है इसलिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा को फिलहाल कोई खतरा नहीं है। सरकार प्रत्येक मोर्चे पर पूरी तैयारी कर रही है।
कृषि मंत्री के अनुसार पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति में बाधा पड़ने के बावजूद किसानों को रियायती मूल्य पर यूरिया एवं डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मौजूदा खरीफ सीजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए रासायनिक खाद का समुचित स्टॉक उपलब्ध है और सरकार आगामी रबी फसल चक्र के दौरान भी इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
केन्द्र सरकार ने फैसला किया है कि किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया और डीएपी खाद की आपूर्ति जारी रखी जाएगी और इसके दाम में हुई वृद्धि का भार स्वयं उठाएगी। इंदौर में आयोजित ब्रिक्स देशों के पांच दिवसीय सम्मेलन की समाप्ति के बाद केन्द्रीय कृषि मंत्री ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि यूरिया एवं डीएपी खाद के आयात खर्च में भारी बढ़ोत्तरी हो गई है जिससे सरकारी राजकोष पर हजारों करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ रहा है लेकिन किसानों के हित में सरकार इसे सहन करने के लिए तैयार है।
कृषि मंत्री के मुताबिक सरकार का ध्यान मौजूदा खरीफ सीजन के साथ-साथ आगामी रबी सीजन पर भी केन्द्रित है। सरकार सभी परिस्थितियों का सामना करने तथा किसानों को हर संभव सहयोग-समर्थन एवं प्रोत्साहन देने के लिए तैयार है।
