अमरीका से व्यापारिक तनाव बढ़ने की आशंका से चीन के आयातक ब्राजील से सोयाबीन खरीदने में सक्रिय
26-Nov-2024 07:09 PM
शंघाई । चीन के खरीदार ब्राजील से अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर सोयाबीन के आयात का अनुबंध तेजी से कर रहे हैं। ब्राजील में जनवरी-फरवरी 2025 में सोयाबीन की नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू होगी और चीन के आयातक आगामी महीनों की डिलीवरी के लिए इसकी भारी खरीद कर रहे हैं।
दरअसल 20 जनवरी 2025 को अमरीका में डोनल्ड ट्रम्प राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले हैं। चीन के साथ उसके सम्बन्ध अच्छे नहीं रहते हैं।
चीन को आशंका है कि ट्रम्प के शासनकाल में अमरीका के साथ व्यापारिक तनाव काफी बढ़ सकता है और यदि वहां से सोयाबीन का आयात प्रभावित होता है तो उसकी भरपाई के लिए ब्राजील का उत्पाद काम आएगा।
उधर ब्राजील को भी चीन के विशाल बाजार की सख्त जरूरत है क्योंकि वहां इसका (सोयाबीन का) उत्पादन बढ़कर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है जिससे इसके निर्यात योग्य स्टॉक में काफी वृद्धि हो सकती है।
चीन वैसे भी पिछले कुछ वर्षों से ब्राजील के सोयाबीन का सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है। मोटे अनुमान के अनुसार ब्राजील से सोयाबीन के होने वाले कुल वार्षिक निर्यात के 70 प्रतिशत भाग का शिपमेंट अकेले चीन को किया जाता है।
ब्राजील संसार में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि चीन इसका सबसे बड़ा आयातक देश है जहां ब्रजील, अमरीका एवं अर्जेन्टीना सहित कुछ अन्य देशों से इसे मंगाया जाता है।
ट्रम्प के पिछले शासन काल का कड़वा अनुभव चीन को है जब अमरीका ने अनेक चाइनीज उत्पादों पर आयात शुल्क में भारी बढ़ोत्तरी कर दी थी और इसे हटाने के एवज में कई शर्तें रखी थीं जिसे चीन को स्वीकार करने के लिए विवश होना पड़ा था।
चीन के आयातक फरवरी से अप्रैल 2025 की अवधि में सोयाबीन की अपनी को मांग से कम से कम आधे भाग की खरीद का अनुबंध अब तक ब्राजील से कर चुके हैं।
